आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में आगरा–कानपुर हाईवे पर झरना नाला के पास एनआरआई महिला से साढ़े तीन लाख रुपये की लूट ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। वारदात को करीब 15 घंटे गुजर चुके हैं, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, मगर अब तक कोई ठोस लीड हाथ नहीं आई।
कैलिफोर्निया में रहने वाली बर्मन कुमारी एक सप्ताह पहले अपनी बेटी और अन्य परिजनों के साथ जयपुर में शादी समारोह में शामिल होने भारत आई थीं। 29 और 30 नवंबर को कार्यक्रम अटेंड करने के बाद वे सभी आगरा पहुंचे। गुरुवार शाम तीन टैक्सियों से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए।
बर्मन कुमारी और उनकी बेटी सबसे पीछे चल रही टैक्सी में थीं। झरना नाला क्षेत्र में स्कूटी पर आए दो युवकों ने ड्राइवर को इशारा कर गाड़ी रुकवा ली। ड्राइवर के उतरते ही एक युवक ने पिछला दरवाजा खोलकर बर्मन कुमारी की गोद में रखा बैग झपट लिया और साथी के साथ भाग निकला। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पातीं, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। बैग में चार हजार अमेरिकी डॉलर और पासपोर्ट रखा हुआ था। पासपोर्ट चोरी होने के कारण बर्मन कुमारी अमेरिका नहीं लौट सकीं और आगरा में ही रुक गईं।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रारंभिक जांच में मामले को हल्के में लिया गया। बाद में जब बैग में डॉलर होने की जानकारी मिली, तो पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया गया और कई टीमें लुटेरों की तलाश में लगा दी गईं।
बर्मन कुमारी के साथ आए अन्य चार लोग और उनकी बेटी दिल्ली एयरपोर्ट के लिए आगे बढ़ गए क्योंकि उनकी फ्लाइट थी। बर्मन कुमारी ने ट्रांस यमुना थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। वे इस घटना से बेहद परेशान दिखीं। उनका मूल निवास हाथरस है और वे फिलहाल बेटी के साथ कैलिफोर्निया में रहती हैं।
रात भर तलाश के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला। जिन रास्तों से आरोपी भागे, वहां सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और यह मामला ट्रांस यमुना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
- आगरा में गूंजेगी युवाओं की आवाज: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम का होगा भव्य सजीव प्रसारण, लोहामंडी में जुटेंगे छात्र - September 18, 2026
- राधा अष्टमी पर भजनों की बहार: ‘मन की उड़ान फाउंडेशन’ के स्थापना दिवस पर गूंजा राधा नाम, संतों का हुआ भव्य सम्मान - September 18, 2026
- Agra News: जनकपुरी की महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब; कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, एमएलसी विजय शिवहरे और उद्योगपति पूरन डावर ने की शिरकत - September 18, 2026