सड़क पर भिड़े आगरा नगर निगम के ‘योद्धा’: सफाई नायक और इंस्पेक्टर के बीच जमकर चले लात-घूंसे, नगर आयुक्त ने बिठाई जांच

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी के नगर निगम प्रशासन में उस समय सनसनी फैल गई, जब अनुशासन की धज्जियां उड़ाते हुए एक सफाई नायक ने अपने ही वरिष्ठ अधिकारी (सेनिटरी इंस्पेक्टर) के साथ मारपीट कर दी। ताजगंज क्षेत्र में हुई इस वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।

​कहा-सुनी से शुरू हुई ‘हाथापाई’

​जानकारी के मुताबिक, ताजगंज क्षेत्र में ड्यूटी और कार्यप्रणाली को लेकर सफाई नायक बॉबी वाल्मीकि और सेनिटरी इंस्पेक्टर (SI) लकी शर्मा के बीच तीखी बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सफाई नायक ने आपा खो दिया और इंस्पेक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी। सड़क पर अधिकारी और कर्मचारी के बीच हुए इस ‘दंगल’ को देख राहगीर भी ठिठक गए।

​सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, खुली पोल

​इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो वायरल होते ही नगर निगम के व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया। वीडियो में अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा साफ नजर आ रही है, जिससे निगम की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

​नगर आयुक्त का सख्त एक्शन

​मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद की असली वजह क्या थी और सार्वजनिक स्थान पर सरकारी मर्यादा को तार-तार करने के लिए कौन मुख्य रूप से जिम्मेदार है।

​हो सकती है बड़ी प्रशासनिक कार्यवाई

​नगर निगम के सूत्रों का कहना है कि अधिकारी पर हाथ उठाने के मामले को ‘गंभीर अनुशासनहीनता’ माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी कर्मचारी के खिलाफ निलंबन या सेवा समाप्ति जैसी बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस घटना ने निगम के भीतर आंतरिक कार्यप्रणाली और आपसी तालमेल की कमी को भी उजागर कर दिया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh