आगरा: कांग्रेस ने शुरू की मोदी-योगी सरकार की नीतियों के खिलाफ पदयात्रा, 15 अगस्त तक चलेगा ‘मोदी गद्दी छोड़ो’ अभियान

आगरा: कांग्रेस ने शुरू की मोदी-योगी सरकार की नीतियों के खिलाफ पदयात्रा, 15 अगस्त तक चलेगा ‘मोदी गद्दी छोड़ो’ अभियान

POLITICS

Agra, Uttar Pradesh, India. कांग्रेस हाईकमान नेतृत्व के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अब मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मोदी और योगी सरकार की नीतियों के खिलाफ पदयात्राओं की शुरुआत हो गई है। कांग्रेस की यह पदयात्रा आज 9 अगस्त से शुरू हुई जो 15 अगस्त तक चलेगी। इन पदयात्राओं के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता गली-गली, मोहल्ले-मोहल्ले जाकर लोगों को भाजपा की खामियों-कमियों से रूबरू कराएंगे, साथ ही आम जनमानस को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे।

शुरू हुआ मोदी गद्दी छोड़ो अभियान

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी के लिए महत्वपूर्ण दिन है। 9 अगस्त को ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा खोला था और अंग्रेज भारत छोड़ो अभियान की शुरुआत की थी। आज के इस पवित्र दिन के अवसर पर कांग्रेस नेतृत्व की ओर से मोदी गद्दी छोड़ो अभियान की शुरुआत की गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू के नेतृत्व में साईं की तकिया स्थित बैप्टिस्ट स्कूल से इस अभियान की शुरुआत की और पदयात्रा निकाली।

9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलेगा अभियान

साई के तकिया पर प्रदेश सचिव विनेश सनवाल ने कहा कि जिस प्रकार से शासन प्रशासन तानाशाह सरकार के इशारे पर कांग्रेस की शांति पूर्ण पद यात्रा को निकालने पर रोक लगा रहा है, उससे लगता है कि तानाशाह सरकार कांग्रेस पार्टी से बुरी तरह से घबराई हुई है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मोदी के अघोषित आपातकाल में बिना डरे, बिना झुके जनविरोधी नीतियों का विरोध सड़कों पर करते रहेंगे।

शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान के आह्वाहन पर इस अभियान की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान 9 अगस्त से शुरू हुआ और 15 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान के माध्यम से मोदी गद्दी छोड़ो अभियान को धार दी जाएगी, साथ ही बेरोजगारी महंगाई और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार की पोल खोली जाएगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम टंडन का कहना था कि आज के दिन ही महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो अभियान की शुरुआत की थी। अब कांग्रेस कार्यकर्ता मोदी गद्दी छोड़ो अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। उनका कहना है कि मोदी सरकार सच बोलने वालों की आवाज को दबा रही है। जो उनके खिलाफ आवाज खोलता है उसे एजेंसियों का डर दिखाया जा रहा है। यह सरकार देश हित में नहीं बल्कि पार्टी हित में काम कर रही है। इसीलिए मोदी का गद्दी छोड़ना अति आवश्यक है।

पूर्व विधायक प्रत्याशी सिकंदर सिंह वाल्मीकि का कहना था कि आज का युवा मोदी सरकार की कार्यप्रणाली को समझ चुका है। इसीलिए आज उसके विरोध में खड़ा हुआ है लेकिन मजबूरी है कि वह आवाज नहीं उठा पा रहा है। अब कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान को चला कर इस अभियान से हर व्यक्ति को जोड़ने का प्रयास करेंगे जिससे मजबूत जनाधार खड़ा हो सके और मोदी के खिलाफ आवाज को बुलंद किया जा सके।

पदयात्रा में डा. मधुरिमा शर्मा, नंदलाल भारती, सिकंदर सिंह वाल्मीकि,पूर्व पार्षद गण अशोक शर्मा, अहमद हसन, चौधरी बांके लाल, राजकुमार नागरथ, रमेश सोनकर, राघवेन्द्र उपाध्याय, चौधरी लक्ष्मी नारायण सिंह,पारो शर्मा, प्रदीप जैन सी ए, बबली माहौर, याकूब शेख, मुन्नालाल वर्मा, हबीब कुरैशी, कपूर चंद रावत, बृजेश सरस,निर्मल निषाद, कपिल गौतम, राजीव गुप्ता, रीता सिंह, अनीता जेम्स, नगीना चौधरी, संतोष चौधरी, ओम हरि आनंद, मोहसिन काजी, बब्बे भार्गव, जलाल उद्दीन, बशीरुल हक, तरुण सागर, संतोष चंद्रा, राजू माहौर,शिवराज, जैकब लाल, आई डी श्रीवास्तव आदि शामिल थे।