आगरा: फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के रुनकता स्थित श्यामलाल इंटर कॉलेज में आयोजित प्रबुद्ध जन महिला सम्मेलन के दौरान राजनीति में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने और पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने पर विशेष बल दिया गया। इस सम्मेलन में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दायित्व सौंपने, महिला मतदाताओं के बीच पहुंच बढ़ाने और उन्हें मताधिकार के प्रति जागरूक करने की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता के रूप में राजस्थान से पहुंचीं श्रीमती मधु शर्मा (विस्तारक) ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, रीति-नीति तथा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का विवरण दिया। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे बूथ स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक संगठन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि राजनीति में महिलाओं की अहम भूमिका है और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए उन्हें आगे आना होगा।
मनीषा सिंह ने कहा— ‘महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास जरूरी’
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह ने की। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और संगठनात्मक मजबूती बढ़ाने के लिए लगातार काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार की महिला हितैषी योजनाओं से महिलाओं को लाभ मिला है और आगे की योजनाएं भी उन्हें और सशक्त बनाने में मददगार होंगी।
सम्मेलन में आगामी संगठनात्मक योजना के अंतर्गत आगरा जिले के सभी मंडलों और बूथों पर महिला कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर विशेष फोकस किया गया। इसके जरिए महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, ज्यादा से ज्यादा महिला मतदाताओं से संवाद स्थापित करने तथा उन्हें मतदान के प्रति जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी पक्की करने की रणनीति बनाई गई। साथ ही महिला शक्ति को संगठित, जागरूक और सशक्त बनाकर भाजपा को बूथ स्तर पर मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।
इन पदाधिकारियों व महिलाओं की रही मौजूदगी
इस आयोजन में ब्रज क्षेत्र महामंत्री रंजन पवार, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष उपमा गुप्ता, ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष हेमलता अग्रवाल, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष मुन्नी देवी, क्षेत्रीय सदस्य सुनीता सारस्वत, प्रतिमा राणा, भावना वरदान शर्मा, रेनू चौहान, आशा अग्रवाल, राजेश्वरी बघेल, मंजू तोमर और विनोद कुमारी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध महिलाएं शामिल रहीं।
- राजा मंडी बाजार में व्यापारियों से अभद्रता पर भड़की सपा: बोली— ‘अतिक्रमण हटाएं, लेकिन मारपीट और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं’ - November 27, 2026
- गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष पर 29 नवंबर को आगरा से दिल्ली तक निकलेगी विशाल ‘तिलक जंजू रख्यक यात्रा’ - November 27, 2026
- समानता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता ही संविधान का आधार: आगरा कॉलेज की विचार गोष्ठी में जुटे कानून के विद्वान - November 27, 2026