तस्करी और क्रूरता से बचकर आज़ादी की नई ज़िंदगी: आगरा भालू संरक्षण केंद्र में ‘वीज़ली बेयर’ के पूरे हुए 7 साल

स्थानीय समाचार

आगरा। गैर-कानूनी ‘डांसिंग’ भालू प्रथा और वन्यजीव तस्करी के चंगुल से सात वर्ष पहले मुक्त कराए गए तीन स्लॉथ भालुओं—आर्थर, रॉन और मॉली—ने वाइल्डलाइफ एसओएस द्वारा संचालित आगरा भालू संरक्षण केंद्र में पुनर्वास के सात साल पूरे कर लिए हैं। अतीत की क्रूरता और यातनाओं को पीछे छोड़ते हुए ये तीनों भालू अब सुरक्षित वातावरण में घूमने-फिरने, खेलने, खोजबीन करने और अपने स्वाभाविक व्यवहार के साथ जीने की आज़ादी का आनंद ले रहे हैं।

2019 के संयुक्त अभियान में झारखंड से बचाए गए थे पांच भालू

सात साल पहले, वर्ष 2019 में वाइल्डलाइफ एसओएस और झारखंड वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वन्यजीव तस्करों से पांच स्लॉथ भालुओं को छुड़ाया था। इनमें शामिल आर्थर, रॉन और मॉली को हैरी पॉटर श्रृंखला के वीज़ली परिवार के नाम पर स्नेह से ‘वीज़ली बेयर’ कहा जाता है।

तस्करों द्वारा इन्हें अन्य सौदागरों को बेचे जाने से पहले ही रोक लिया गया था, जिससे अवैध ‘डांसिंग’ भालू व्यापार पर प्रहार हुआ। सड़क पर प्रदर्शन कराने के लिए मजबूर करने की खातिर इन भालुओं की संवेदनशील थूथन में घाव किए गए थे और दांत तोड़े गए थे। बचाव के बाद इन्हें आगरा भालू संरक्षण केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सा उपचार और दीर्घकालिक पुनर्वास प्रक्रिया शुरू की गई।

आर्थर, रॉन और मॉली की बदलती दिनचर्या

​बीते सात वर्षों में तीनों भालुओं के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव देखा गया है:

आर्थर: अत्यधिक ऊर्जा और जिज्ञासा के लिए पहचाना जाने वाला आर्थर दिनभर विचरण करने, पेड़ों पर चढ़ने और मानसिक सक्रियता के लिए लगाए गए झूले जैसी एनरिचमेंट सामग्री को तोड़ने में व्यस्त रहता है। उसकी ताकत को देखते हुए देखभालकर्ता उसके लिए और अधिक मजबूत झूले तैयार करते हैं।

रॉन: तीनों में सबसे छोटा रॉन जिज्ञासु और समझदार है, जिसे चढ़ने, मिट्टी खोदने और खोजबीन करने का शौक है। केंद्र में प्यार से ‘अनऑफिशियल माली’ कहे जाने वाला रॉन कीड़ों की तलाश में खुदाई करता है और पॉजिटिव कंडीशनिंग सत्रों के जरिए नियमित स्वास्थ्य जांच में सहजता से सहयोग करता है।

​मॉली: कभी बेहद संकोची और डरी हुई रहने वाली मॉली अब सक्रिय व जिज्ञासु हो चुकी है। उसे मिट्टी खोदना, दीमक के टीलों की पड़ताल करना, पेड़ों पर चढ़ना और पज़ल फीडर से खेलना पसंद है, साथ ही उसकी नियमित स्वास्थ्य जांच व पोषण संबंधी देखभाल जारी है।

स्वाभाविक व्यवहार और दीर्घकालिक देखभाल का महत्व

वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक और सचिव गीता शेषमणि ने कहा कि बचाव से पहले आर्थर, रॉन और मॉली ने कठोर यातनाएं सहीं, लेकिन आज वे जंगल जैसे बाड़ों में घूमने, भोजन खोजने, खेलने और आराम करने की आज़ादी पा रहे हैं। वहीं, वाइल्डलाइफ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के निदेशक बैजूराज एम.वी. ने कहा कि सफल पुनर्वास का अर्थ भालुओं को उनके प्राकृतिक व्यवहार और खोजबीन के अवसर लौटाना है, जो बचाव के बाद सम्मानजनक जीवन जीने का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh