लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शहीद पथ स्थित होटल सेंट्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनावी घोषणापत्र के विमोचन के अवसर पर गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आजम खान ने भावुक और तीखे अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सलाम, आपके सामने एक आधा जिंदा आदमी खड़ा है और हमारे अजीज अखिलेश यादव जी का शुक्रिया।
उन्होंने आगे कहा कि मुझसे यदि कोई चूक या गलती हो जाए तो माफ कीजिएगा; इस पांच साल की कैद ने दिल और दिमाग को गहराई से प्रभावित किया है। यदि कोई सामान्य इंसान होता तो वह अब तक खत्म हो चुका होता। हमने जिस नफरत और घृणा का सामना किया है, उसमें हमें मर जाना चाहिए था, लेकिन हम सख्त जान हैं और कुछ करके ही मरेंगे। इसी दौरान उन्होंने बाराबंकी के शायर खुमार साहब का जिक्र करते हुए बताया कि एक मुशायरे में उनके बारे में पूछने पर पता चला कि उन्होंने फिर से जाम को हाथ लगा लिया है, जिसके बाद उन्होंने उन्हें खोज निकाला।
अपने संबोधन के दौरान आजम खान ने एक ही परिवार के साथ लंबे सियासी सफर को लेकर आत्ममंथन और आत्मालोचना भी की। उन्होंने कहा कि हम उन गिने-चुने बेवकूफ लोगों में शुमार हैं, जिन्होंने एक ही खानदान के लिए अपनी आधी जिंदगी लगा दी। जिनके लिए सब कुछ न्योछावर किया, मैं आधी सदी तक उनके साथ खड़ा रहा और अपनी आने वाली पीढ़ी को भी उनके हवाले कर दिया।
शायरी के जरिए बयां की अपनी पीड़ा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए आजम खान ने शायरी के माध्यम से अपने भीतर के दर्द और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा—
“मुझको शिकस्त-ए-दिल का मज़ा याद आ गया,
तुम क्यों उदास हो गए, क्या याद आ गया।
कहने को ज़िंदगी थी बहुत मुख़्तसर मगर,
कुछ यूं बसर हुई कि ख़ुदा याद आ गया।”
असदुद्दीन ओवैसी पर साधा निशाना: ‘न खुद बन सकते हैं, न किसी को बना सकते हैं’
सपा नेता आजम खान ने अपने बयान में असदुद्दीन ओवैसी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे होते हैं जो न तो खुद कुछ बन सकते हैं और न ही किसी को कुछ बना सकते हैं, लेकिन वे किसी सरकार के बनने को प्रभावित जरूर कर सकते हैं।
आजम खान ने कहा कि अखिलेश यादव आज पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। इसे आने वाले हिंदुस्तान का भविष्य बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें कोई भी चीज स्थायी नहीं है और भविष्य में जरूरत के हिसाब से बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन दिनों कुछ लोग आपको परेशान कर रहे हैं और मेरी कामना है कि वे अपनी इस बीमारी से बाज आ जाएं। उन्होंने दोहराया कि ऐसे लोग हैं जो न खुद कुछ बन सकते हैं और न किसी को बना सकते हैं, पर किसी सरकार के बनने पर असर डाल सकते हैं।
- बल्केश्वर के श्री सर्वतोभद्र जिनालय में मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश, 27 नवंबर को होगा नवग्रह विधान - November 26, 2026
- सपा घोषणापत्र विमोचन में छलका आजम खान का दर्द: ‘एक आधा जिंदा आदमी खड़ा है, पांच साल की कैद ने दिल-दिमाग झकझोर दिया’ - November 26, 2026
- सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे की खींचतान पर बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी का वार: बोले— ‘कांग्रेस को अपमान का घूंट पीने की आदत पड़ गई है’ - November 26, 2026