
नई दिल्ली। देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित पहले एससीओ सभ्यता संवाद मंच के दौरान पाकिस्तान के मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक ने अपने वक्तव्य का आगाज शेरो-शायरी के साथ किया। भाषण के क्रम में उन्होंने मिर्जा गालिब का कई बार उल्लेख किया और दिल्ली व लखनऊ को शायरी तथा साहित्य-अदब का प्रमुख केंद्र करार दिया। उन्होंने इस मौके पर अंग्रेजी भाषा में संवाद करने को असहज व अजीब बताया और उर्दू जुबान में बेहद प्रभावशाली ढंग से शायरी पेश की। इसके साथ ही उन्होंने गालिब के पूर्वजों—उनके पिता और दादा का भी जिक्र किया।
भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि यहां से महज थोड़ी ही दूरी पर मिर्जा गालिब की मजार मौजूद है। इतने नजदीक बैठकर अंग्रेजी में बातचीत करना उन्हें बेहद अजीब लग रहा है, इसलिए उन्होंने तय किया कि वे आज अपने दिल की जुबान यानी उर्दू में अपनी बात रखें। उन्होंने कहा कि यह कितनी दिलचस्प बात है कि गालिब के पिता और दादा समरकंद से चलकर आए थे।
उनका अंतिम संस्कार यहीं निजामुद्दीन के समीप किया गया। गालिब स्वयं को फारसी का बड़ा शायर मानते थे, मगर पूरी दुनिया उन्हें उनकी उर्दू शायरी के कारण पहचानती है। इसी भावना के साथ वे सबके समक्ष उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यहां अनेक आवाजें हैं, कई शायर हैं और दिल्ली का दायरा बढ़ रहा है।
उन्होंने यह शेर भी पढ़ा ”गालिब फारसी-फारसी करते रहे, और दिल्ली ने ये कहा कि
हैं और भी दुनिया में सुखनवर बहुत अच्छे,
कहते हैं कि गालिब का है अंदाज-ए-बयां और।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली, लखनऊ और लाहौर वाकई शायरी और अदब की धरती हैं, लेकिन यह भी सच है कि गालिब का अंदाज-ए-बयां निराला है। आज यहां एकत्र हुए सभी लोग अपनी-अपनी आवाज और अपनी-अपनी पहचान के साथ आए हैं, फिर भी गालिब का अंदाज जुदा है। गौरतलब है कि मुसादिक मलिक ने अपने संबोधन में भारत और पाकिस्तान के आपसी संबंधों पर भी अपने विचार रखे।
मुसादिक मलिक ने भविष्य में सांस्कृतिक संवाद (कल्चरल डायलॉग) के जरिए दोनों मुल्कों के रिश्तों में बेहतरी आने की आशा जताई। उनका कहना था कि जब तक बहुपक्षीय संवाद की प्रक्रिया नहीं होगी, तब तक दोनों देशों के संबंधों में सुधार संभव नहीं दिखता।
- आगरा के कमला नगर में निकली चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा: श्वेत रथ पर सौधर्म इंद्र बने सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन ने निभाई भरत चक्रवर्ती की भूमिका - November 22, 2026
- कान्हा के रण में कंस का अंत, अधर्म पर धर्म की विजय: आगरा में आतिशबाजी के साथ धू-धू कर जला कंस का पुतला - November 22, 2026
- आगरा में साइबर ठगी के दो मामले; एक दिन में रकम दोगुनी करने के चक्कर में गंवाए 1 लाख, टेलीग्राम ठगी में 2.14 लाख गए - November 22, 2026