आगरा। श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में प्रतिवर्ष पूज्य महंत उद्धव पुरी जी की पावन स्मृति में बाबा का 24वां वार्षिक भंडारा आयोजित किया जाता है। विगत 23 वर्षों से चली आ रही इसी परंपरा के अंतर्गत सोमवार को बाबा के वार्षिक भंडारे का आयोजन परिक्रमा मार्ग, दरेसी नंबर-1 पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ किया गया। दोपहर से देर सायं तक चले भंडारे में दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा की प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर शहर के हर वर्ग के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की और सामाजिक समरसता, समानता तथा सामूहिक सेवा का अनुपम संदेश दिया।
भंडारे की विशेषता रही कि प्रसादी स्थल पर श्री मनःकामेश्वर बाबा के स्वरूप के दर्शन की भी व्यवस्था की गई। मठ मंदिर परिवार की ओर से प्रत्येक श्रद्धालु का विशेष अतिथि की भांति आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं को केवल प्रसादी ही नहीं, बल्कि अपनत्व और सम्मान का भाव भी प्रदान किया गया। पूरे आयोजन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। मठ प्रशासक हरिहर पुरी के मार्गदर्शन में भंडारे के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश भी प्रसारित किया गया।
दर्शन, परोसन सेवा और प्रसादी… वार्षिक भंडारे के तीन प्रमुख आध्यात्मिक प्रयोजन
महंत योगेश पुरी ने वार्षिक भंडारे के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा के वार्षिक भंडारे के तीन प्रमुख प्रयोजन हैं। प्रथम बाबा के दर्शन का सौभाग्य, द्वितीय श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसादी परोसने की सेवा और तृतीय बाबा की प्रसादी ग्रहण करने का पुण्य लाभ। यह आयोजन केवल भोजन वितरण का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, सद्भाव और आध्यात्मिक जुड़ाव का पर्व है। जब भक्त सेवा भाव से किसी को प्रसादी परोसता है तो वह स्वयं को बाबा के चरणों में समर्पित करता है। भंडारे में हर व्यक्ति समान भाव से सहभागी बनता है, यही सनातन संस्कृति की सुंदर परंपरा है।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर परिवार की ओर से आगामी धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा भी तैयार की गई है। इन आयोजनों के माध्यम से गौसेवा, सनातन परंपराओं और धार्मिक संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंगलवार को होगी गौसेवा
मठ मंदिर प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि 17 नवंबर, मंगलवार गोपाष्टमी पर दिगनेर स्थित गौशाला, शमशाबाद रोड, आगरा में 56 भोग का आयोजन किया जाएगा। इसमें गौमाता की सेवा, पूजन और भोग अर्पण के माध्यम से श्रद्धालु पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
20 नवंबर शुक्रवार को श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह के अंतर्गत प्रातः 8 बजे बाबा की परिक्रमा के साथ वरयात्रा निकाली जाएगी। धार्मिक परंपराओं और वैदिक विधि-विधान के साथ आयोजित होने वाला यह विवाह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था और उल्लास का अवसर होगा।
- आठवें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का दूसरा दिन रहा बेहद खास: 15 देशों की फिल्मों की स्क्रीनिंग और ज्ञानप्रकाश की मास्टर क्लास बनी आकर्षण का केंद्र - November 17, 2026
- आगरा के कमला नगर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य आगाज, डेढ़ सौ महिलाओं ने मंगल कलश धारण कर निकाली घटयात्रा और श्रीजी की रथयात्रा - November 17, 2026
- लकुटी हाथ, ग्वाल-बाल साथ… आगरा में गोपाष्टमी पर निकली भव्य गौचारण यात्रा, श्रीकृष्ण-बलदाऊ के स्वरूप ने मोहा मन - November 17, 2026