ऐतिहासिक उपलब्धि पर SNMC के चिकित्सकों का सम्मान: केंद्रीय मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने मेडिकल टीम को दुपट्टा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित

स्थानीय समाचार

आगरा। एस.एन. मेडिकल कॉलेज के इतिहास में एक और नया और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है, जहां संस्थान में पहली बार सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट किया गया है। सिकंदराराऊ, हाथरस की रहने वाली श्रीमती मीना जी ने अपने पति श्री महेंद्र सिंह कुशवाहा जी को अपनी किडनी दान करके उन्हें नया जीवन प्रदान किया है।

यह बड़ी उपलब्धि न केवल एस.एन. मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की उत्कृष्ट चिकित्सा क्षमता व समर्पण का प्रमाण है, बल्कि अंगदान के प्रति लगातार बढ़ती जनजागरूकता का एक सुखद परिणाम भी है।

उल्लेखनीय है कि 16 सितंबर 2023 को आगरा के जी.आई.सी. मैदान से अंगदान की मुहिम का शुभारंभ किया गया था, जिसमें 8,003 लोगों ने अंगदान की शपथ लेकर इसे जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया था। आज कॉलेज में हुआ यह सफल किडनी ट्रांसप्लांट उसी संकल्प का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया है।

इस ऐतिहासिक सफलता के लिए किडनी ट्रांसप्लांट प्रक्रिया में शामिल सभी चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी गई है। साथ ही, केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने अंगदान को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली इस पूरी मेडिकल टीम को अंग वस्त्र (दुपट्टा) पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वाली इस चिकित्सा टीम में डॉ. अपूर्व जैन, , डॉ. मुदित खुराना, ​डॉ. कैरवी भरद्वाज, डॉ. प्रशांत लवानिया, ​डॉ. अंकुश गुप्ता, ​डॉ. विजय त्यागी, डॉ. प्रदीप देव, डॉ. अभिषेक पाठक, डॉ. योगिता द्विवेदी, डॉ. अर्चना अग्रवाल, डॉ. राजीव पुरी, डॉ. अतिहर्ष मोहन ,डॉ. प्रवेंद्र पांडे आदि चिकित्सक शामिल रहे।

इस ऐतिहासिक अवसर पर एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने माननीय केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस दौरान एसआईसी डॉ. ब्रजेश शर्मा, गौरव शर्मा, नवीन गौतम, रोहित कत्याल, डॉ. प्रीति भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh