आगरा। सिंधी समाज के अमर शहीद और मानवता के अग्रदूत संत साँई कँवर राम के प्रेरणाप्रद जीवन को अब एक लघु फिल्म के माध्यम से पर्दे पर उतारा जाएगा। रविवार शाम जयपुर हाउस स्थित जय झूलेलाल मंदिर में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में इस फिल्म का पोस्टर जारी किया गया और साथ ही फिल्म के दो सुरीले भजनों का भी लोकार्पण किया गया।
इंसानियत और सद्भाव का संदेश
संत साँई कँवर राम का पूरा जीवन भूखों को भोजन कराने, पीड़ितों की सेवा करने और धार्मिक सद्भाव की अलख जगाने में व्यतीत हुआ। सिंध की साझी विरासत को बचाने के संघर्ष में उन्होंने अपनी शहादत दी, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। फिल्म के पोस्टर विमोचन के दौरान मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाह और सोमनाथ धाम शाहगंज के डॉ. पीर शंकर नाथ योगी ने कहा कि यह फिल्म न केवल सिंधी समाज, बल्कि पूरी मानवता के लिए एक मार्गदर्शक साबित होगी।
भजनों की प्रस्तुति से भावविभोर हुए श्रद्धालु
कार्यक्रम में संजय दुबे और सूरज तिवारी द्वारा लिखित भजनों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। ‘युगों युगों में आता है कोई संत ऐसा संसार में’ और ‘कोसा कोहर लेकर निकला देखो’ भजनों ने उपस्थित भक्तों को भक्ति के सागर में डुबो दिया।
आगरा के कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
फिल्म के निर्माता रंजीत सामा और विजय सामा ने बताया कि फिल्म की शूटिंग अगस्त के प्रथम सप्ताह में आगरा और आसपास के क्षेत्रों में की जाएगी। इस फिल्म में आगरा के जाने-माने कलाकार जैसे अनिल जैन, जितेश आसिवाल, रंजीव कोचर, मुकेश नेचुरल, रवि परिहार, जय सिंह, वानी, शकील और मनोज सिंह लंकेश आदि अपनी कला का जौहर दिखाएंगे। फिल्म का लेखन और निर्देशन सूरज तिवारी कर रहे हैं, जबकि इसकी पटकथा का मूल विचार धर्मपाल कश्यप ‘बाबू भाई’ ने दिया है।
समारोह में नारायण दास लालवानी, कमल मतलानी, पार्षद रेनू गुप्ता, रूबी सहगल सहित समाज के अनेक प्रतिष्ठित समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इस सार्थक पहल की प्रशंसा करते हुए संत साँई कँवर राम के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प दोहराया।
- आजमगढ़ में पूजा के दौरान ट्रिपल मर्डर से सनसनी: पहचान पत्र मांगने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने पत्नी और दो पंडितों को मारी गोली, कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी गिरफ्तार - September 23, 2026
- आगरा के कागारौल में चोरों का दुस्साहस: एक ही रात में दो घरों से एक करोड़ रुपये के जेवर और नकदी की चोरी, गांव में मचा हड़कंप - September 23, 2026
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 18 IPS अधिकारियों के तबादले, पुलिस मुख्यालय से लेकर PAC और EOW तक बदले गए अफसर - September 22, 2026