लखनऊ: मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम की निर्मम हत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों और पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद प्रदेश का राजनीतिक पारा काफी चढ़ गया है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेरठ पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, जब वो ख़ुद ही बेलगाम है जिसके हाथ में लगाम है…तो फिर उनका क्या, जो उनके दरबार में दरबान है! ‘मेरठ की बेटी’ के साथ हुए महा-अत्याचार व हत्या के बाद जिस तरह नामज़द आरोपियों पर कमज़ोर धाराओं में मुक़दमा दर्ज़ किया गया है और आंदोलनकारियों पर गंभीर धाराओं में मुक़दमा लगाया गया है, वो नाइंसाफ़ी की पराकाष्ठा है।
इससे भी अधिक गंभीर बात ये है कि जिस पुलिस से न्याय की उम्मीद होती है, उनके ही उच्चाधिकारी अन्याय और अपने अहंकार के अनवरत झापड़ आम जनता के गाल पर मार रहे हैं, पूरी दुनिया में फैल चुका जिसका वीडियो उत्तर प्रदेश की पुलिस की छवि को खंडित कर रहा है। इससे वो पुलिसकर्मी भी शर्मिंदा हैं जो अपनी कर्तव्यपरायणता और आम जनता के प्रति संवेदनशील हैं और सदैव मानवीय दृष्टिकोण से अपना काम करते हैं। पीडीए अब सहेगा नहीं, कहेगा।
उन्होंने आगे लिखा, सच तो ये है कि जिस राज्य का मुख्य ही महिलाओं के साथ, विशेष रूप से एक युवा मृतक की शोक-संतप्त मां से सरेआम अभद्रता का वाचन करे, उसकी पुलिस से कोई भी उम्मीद करना बेमानी है। मस्तिष्क का आदेश ही, उंगलियां मानती हैं। अब जनता भाजपाइयों का भाषण सुनने के मूड में नहीं है।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि अब ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग अपनी लड़ाई खुद लड़ेगा और चुप नहीं बैठेगा। पीड़ित परिवार से मिलकर अखिलेश ने उन्हें इस कठिन घड़ी में समाजवादी पार्टी का पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया है।
- मेरठ दलित छात्रा हत्याकांड: अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, दिया न्याय का भरोसा, कहा- ‘पीडीए अब सहेगा नहीं’ - July 11, 2026
- राम मंदिर में चढ़ावे मामले पर नृपेंद्र मिश्र का बड़ा बयान: कहा- यह घटना हमारे लिए कलंक, सिस्टम में होगा सुधार - July 11, 2026
- धार्मिक विरासत का संगम: आगरा के बेलनगंज स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा महोत्सव का आगाज, भक्तों से जुड़ने की अपील - July 11, 2026