आगरा। शहर के ताजगंज थाना क्षेत्र के लच्छीपुरा इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ पड़ोस में रहने वाले एक युवक की कथित छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और न्याय की मांग को लेकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है।
दो साल से चल रहा था उत्पीड़न का सिलसिला
मृतका के पिता बंटी कुशवाहा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पड़ोस में रहने वाला रोहन पिछले दो साल से उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी न केवल किशोरी का स्कूल जाते समय पीछा करता था, बल्कि उसके घर के बाहर घंटों खड़ा होकर घूरता रहता था। कई बार उसे समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और परिवार को धमकियां देता रहा।
घटना वाले दिन भी घर के बाहर खड़ा था आरोपी
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की सुबह किशोरी ने घर में नाश्ता किया और सब कुछ सामान्य लग रहा था। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब मां वहां पहुंची, तो बेटी को फंदे पर लटका देख उनकी चीख निकल गई। पिता का आरोप है कि घटना के दिन भी आरोपी युवक घर के बाहर मौजूद था, जिससे स्पष्ट है कि वह किशोरी को लगातार मानसिक दबाव में रख रहा था।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही ताजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी रोहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- साइबर ठगी का नया पैंतरा: वॉट्सएप पर फर्जी बैंकिंग ट्रांजैक्शन मैसेज भेजकर डरा रहे अपराधी, YES/NO’ वाले संदेशों से रहें पूरी तरह सावधान - September 24, 2026
- रायबरेली से अखिलेश यादव का मिशन-2027 का शंखनाद: पीडीए रथयात्रा के आगाज के साथ भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा- गठबंधन के साथ लड़ेंगे यूपी का चुनाव - September 24, 2026
- आगरा विकास प्राधिकरण का सख्त रुख: नवागत उपाध्यक्ष ने ग्रेटर आगरा और अटलपुरम टाउनशिप का किया औचक निरीक्षण, धीमे काम पर जताई नाराजगी - September 24, 2026