पुरुषोत्तम मास की महिमा: भूमि पूजन के साथ शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा की तैयारी, 8 जून से धर्मनगरी बनेगा वजीरपुरा

RELIGION/ CULTURE

आगरा: वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में पुरुषोत्तम मास की पावन बेला में भक्ति और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। आगामी 8 जून से आरंभ होने जा रहे ‘श्रीमद्भागवत महापुराण महोत्सव’ के लिए बुधवार को विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। यह आयोजन महंत अनंत उपाध्याय, मुकेश शर्मा और पंकज शास्त्री के सानिध्य में संपन्न हुआ, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

​इस आध्यात्मिक अनुष्ठान के मुख्य यजमान निरंजन लाल सारस्वत और आशा सारस्वत रहे, जिन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर आयोजन की निर्विघ्न सफलता और जन-कल्याण के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

कार्यक्रम संयोजक मनीष अग्रवाल ने जानकारी दी कि 8 से 15 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान कराया जाएगा। कथा का वाचन प्रख्यात भागवताचार्य श्री चैतन्य हरिचरत जी महाराज द्वारा किया जाएगा।

​इस अवसर पर महंत अनंत उपाध्याय ने पुरुषोत्तम मास की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मास भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर ज्ञान, भक्ति और वैराग्य के संचार का एक दिव्य मार्ग है, जो जीवन को ईश्वरमय बनाने की प्रेरणा देता है।

​इस अवसर पर सचिन सारस्वत, धर्मेंद्र बॉबी, योगेंद्र सिंघल, मयंक मित्तल, सूरज तिवारी, संजय सिंह, अरविंद गुप्ता, अमरनाथ शर्मा, हेमंत दुबे, सुरेंद्र शर्मा, विक्रम हनी, विजय और विनीत सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महोत्सव को लेकर स्थानीय भक्तों में विशेष उत्साह है और मंदिर परिसर को भव्य रूप देने की तैयारियां जोरों पर हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh