आगरा: थाना जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित अवधपुरी चौराहे के पास रविवार को दिनदहाड़े हिंसा का तांडव देखने को मिला। पुरानी रंजिश के चलते दो गुट आपस में भिड़ गए, जिसके बाद बाजार में न केवल जमकर पथराव हुआ, बल्कि फायरिंग भी की गई। इस खूनी खेल ने स्थानीय लोगों में भारी दहशत पैदा कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि उनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बाजार में मची अफरा-तफरी
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्ला मार्केट में दो गुटों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। अचानक हुई फायरिंग और पत्थरबाजी से बाजार में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए दुकानदार और राहगीर अपनी दुकानों व घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही जगदीशपुरा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने ऐसे कसा शिकंजा
मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करते हुए पांच आरोपियों विपिन, रोहित चौधरी, स्वप्निल सोलंकी, अतुल वर्मा और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, 2 से 3 आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस की टीमें उनकी धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग
पुलिस की गहन तलाशी में आरोपी आदित्य चौधरी के पास से .32 बोर की एक पिस्तौल, कारतूस और खोखा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह पिस्तौल उसके पिता के नाम पर पंजीकृत है, जिसे वह घर से बिना बताए चोरी-छिपे लाया था। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि लाइसेंसी हथियार का इस तरह अपराध में इस्तेमाल कैसे हुआ और इस पूरे उपद्रव के पीछे और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं।
वाहन सीज, जांच जारी
घटनास्थल से पुलिस ने एक सफेद इको स्पोर्ट कार और एक काली बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है, जिन्हें सीज कर दिया गया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्यों का संकलन कर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह पूरा विवाद पुरानी रंजिश का परिणाम लग रहा है। फिलहाल, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें काम कर रही हैं।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026