मुकदमा वापस न लेने पर जानलेवा हमला: आगरा में युवक को लोहे की रॉड से पीटा, रंजिश के चलते दी धमकी

Crime

आगरा: थाना लोहामंडी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिर की मण्डी स्थित बड़ी मस्जिद के पास बदमाशों ने पीड़ित साहिल को घेरकर न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि मुकदमा वापस न लेने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। लोहामंडी पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रंजिश का बदला लेने की कोशिश

पीड़ित साहिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका लाला उर्फ फरहत, अरसलान, अदनान और फरमान के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि ये लोग पुरानी रंजिश को लेकर उससे गहरी खुन्नस रखते हैं। घटना के समय साहिल जैसे ही बड़ी मस्जिद के पास से गुजर रहा था, तभी घात लगाए बैठे इन चारों आरोपियों ने उसे रोक लिया।

लोहे की रॉड से किया वार, मची अफरा-तफरी

पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने अचानक उस पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शोर सुनकर जब आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, तो आरोपी उसे अधमरा छोड़कर जान से मारने की धमकियां देते हुए वहां से भाग निकले।

​केस वापस लेने का दबाव

साहिल ने आरोप लगाया कि ये हमला केवल पुरानी रंजिश की वजह से नहीं हुआ, बल्कि इसके पीछे मुख्य उद्देश्य उस पर पहले से चल रहे एक मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाना था। आरोपियों ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि उसने केस वापस नहीं लिया, तो अगली बार उसे मौत के घाट उतार दिया जाएगा।

​पुलिस की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही लोहामंडी पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को उपचार के लिए भिजवाया। थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर लाला उर्फ फरहत, अरसलान, अदनान और फरमान के विरुद्ध मारपीट, धमकी और बलवा जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh