आगरा। जनपद के बरहन थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दिल्ली में अपने भविष्य की परीक्षा देकर घर लौट रहे उन्नाव के एक छात्र की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना बिरूनी गांव के पास की है। हादसे के बाद ट्रेन में चीख-पुकार मच गई और मृतक के दोस्त ने सूझबूझ दिखाते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
मृतक की पहचान शिवम पासी (22 वर्ष), निवासी वाजपेई खेड़ा, उन्नाव के रूप में हुई है। शिवम अपने दोस्त शुभम के साथ दिल्ली में एक प्रतियोगी परीक्षा देने गया था। मंगलवार को दोनों गोमती एक्सप्रेस से वापस घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन जब बिरूनी गांव के पास से गुजर रही थी, तभी गेट के पास खड़े शिवम का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रैक के किनारे जा गिरा।
दोस्त ने चेन खींचकर दी सूचना, अस्पताल में तोड़ा दम
शिवम को गिरता देख उसके दोस्त शुभम के होश उड़ गए। उसने तुरंत वैक्यूम कर ट्रेन रोकी और नीचे उतरा। सूचना पर पहुँची बरहन थाना पुलिस और जीआरपी ने घायल छात्र को तत्काल एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) आंवलखेड़ा पहुँचाया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्र की मौत से घर में पसरा मातम
शिवम की मौत की खबर जैसे ही उन्नाव में उसके परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। घर के चिराग की इस तरह अचानक मौत से गाँव में भी शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा भीड़ की वजह से हुआ या कोई अन्य तकनीकी कारण था।
- बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जे एन टंडन ने अपने पिता कामरेड महादेव नारायण टंडन के बारे में यह क्या कह दिया - April 28, 2026
- जनतंत्र में शिक्षा शास्त्र: लोकतंत्र के प्रहरी तैयार करने का ऐतिहासिक संकल्प, महादेव नारायण टंडन को श्रद्धांजलि - April 28, 2026
- गाय को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए एक ही दिन 5000 तहसीलदारों को ज्ञापन - April 28, 2026