आगरा। ताजनगरी की विरासत और संस्कृति के प्रतीक ‘ताज महोत्सव 2026’ के आगाज से पहले ही नियमों की धज्जियाँ उड़ती दिखाई दे रही हैं। एक ओर प्रशासन पर्यावरण संरक्षण के दावे कर रहा है, तो दूसरी ओर ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) के प्रतिबंधित क्षेत्र में खुलेआम डीजल जनरेटर काला धुआं उगल रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के कड़े निर्देशों के बावजूद मेला परिसर में बिजली कनेक्शन के पुख्ता इंतजाम न होना जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
साहब के राज में नियमों का मखौल
विडंबना यह है कि महोत्सव की कमान स्वयं टीटीजेड के अध्यक्ष और मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह के हाथों में है। जिस क्षेत्र में कोयला, लकड़ी और डीजल जनरेटर का उपयोग पूरी तरह वर्जित है, वहां मुख्य मंच के पीछे से लेकर स्टॉल्स तक बिजली का विकल्प ‘अवैध जनरेटर’ बने हुए हैं। सोमवार को भी मुख्य मंच के पीछे जनरेटर चलते पाए गए, जिससे उठने वाला जहरीला धुआं महोत्सव की चकाचौंध को धुंधला कर रहा है।
पर्यटकों की जान और पर्यावरण दोनों दांव पर
जन प्रहरी संस्था के संयोजक नरोत्तम सिंह शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महोत्सव में न केवल पर्यावरण, बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बीते वर्षों की घटनाओं का हवाला देते हुए लोक निर्माण विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए। वहीं, पर्यावरणविद डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने प्रशासन पर ‘दोहरे मापदंड’ अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ आम जनता के लिए नियम सख्त हैं, तो दूसरी तरफ महोत्सव के नाम पर प्रदूषण की खुली छूट दी जा रही है।
DM का दावा: वर्जित रहेगा डीजल का प्रयोग
हालांकि, बढ़ते विरोध के बीच जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने दावा किया है कि इस बार पर्यावरण नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि महोत्सव में डीजल जनरेटर का प्रयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। अब देखना यह होगा कि उद्घाटन के बाद ये दावे जमीन पर कितने उतरते हैं या महोत्सव फिर से ‘जहरीले धुएं’ की भेंट चढ़ जाएगा।
- लखनऊ में युवती को टक्कर मारकर बोनट पर घसीटने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी - September 16, 2026
- लखनऊ: जनेश्वर मिश्र पार्क के पास कार के बोनट पर युवती को घसीटने का मामला; ‘यश’ बनकर धोखा दे रहा था आरोपी शाहनवाज, पुलिस तलाश में जुटी - September 16, 2026
- मशहूर जोड़ी योगेश रावत और YogKansha के फैंस को मिला खास तोहफा, नेहा कक्कड़ की आवाज़ में रिलीज हुआ नया म्यूजिक वीडियो ‘Naa Pushde’ - September 16, 2026