आगरा: ताजनगरी के थाना शाहगंज क्षेत्र अंतर्गत वेस्ट अर्जुन नगर में बंदरों का आतंक एक बार फिर मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ा है। गुरुवार को छत पर गई 62 वर्षीय विरमा देवी (पत्नी चरण सिंह) पर बंदरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। बंदरों के झपट्टे से घबराई महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह तीसरी मंजिल से सीधे नीचे सड़क पर आ गिरीं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण विरमा देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों में कोहराम, क्षेत्र में दहशत
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक महिला के परिवार में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बंदरों का हमला इतना अचानक था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि अब छतों पर जाना तो दूर, गलियों में निकलना भी जान जोखिम में डालने जैसा है.
प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
वेस्ट अर्जुन नगर के निवासियों ने नगर निगम और वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदरों की समस्या को लेकर दर्जनों बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों ने याद दिलाया कि करीब एक साल पहले भी इसी इलाके में एक महिला बंदरों के हमले में घायल हुई थी। प्रशासन की इसी ‘नीतिगत उदासीनता’ ने आज एक और जान ले ली।
इलाकावासियों की मांग
क्षेत्रीय जनता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बंदरों को पकड़ने और उनके स्थानांतरण की ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे विरोध प्रदर्शन को मजबूर होंगे। फिलहाल, शाहगंज पुलिस घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच में जुटी है।
- जालौन के खेत में चल रही थी ड्रग्स की सीक्रेट लैब: डीआरआई और एटीएस के छापे में 5 करोड़ की मेफेड्रोन बरामद - October 30, 2026
- Gayatri Parivaar: 31 अक्टूबर से दिल्ली में जन्मशताब्दी महोत्सव, डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने बताई रूपरेखा - October 30, 2026
- पीएम मोदी को चाय पिलाने वाली मीरा मांझी के घर सियासी जमावड़ा: विपक्ष के हमलों के बीच अब मेयर ने की आर्थिक सहायता - October 30, 2026