आगरा। ताजनगरी के एत्मादपुर क्षेत्र में सरसों की मढ़ाई के दौरान एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। थ्रेसर मशीन पर काम कर रहे एक 25 वर्षीय युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे मशीन की खूनी चपेट में आ गया। आनन-फानन में उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
संतुलन बिगड़ा और मशीन में समा गया युवक
हादसा थाना एत्मादपुर के ग्राम छलेसर में गुरुवार को हुआ। मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले राजेश (25 वर्ष) पुत्र राजवीर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, राजेश खुद ट्रैक्टर का मालिक था और गुरुवार को मजदूरों के साथ एक किसान के खेत पर सरसों की मढ़ाई करने गया था।
मढ़ाई के दौरान राजेश थ्रेसर के ऊपर खड़ा होकर बची हुई फसल को मशीन के अंदर डाल रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया या संतुलन बिगड़ा और वह सीधे चालू मशीन के अंदर चला गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
खेत पर चीख-पुकार मचते ही ग्रामीणों ने तुरंत दौड़कर थ्रेसर मशीन को बंद कराया। लहुलुहान हालत में राजेश को मशीन से बाहर निकाला गया और गंभीर स्थिति में उसे इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
गांव और परिवार में पसरा सन्नाटा
जवान बेटे की मौत की खबर जैसे ही छलेसर गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। घर में कोहराम और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
खेती के सीजन में सावधानी जरूरी
इस हादसे ने एक बार फिर खेती के दौरान मशीनों के इस्तेमाल में बरती जाने वाली लापरवाही और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि राजेश मिलनसार युवक था और खुद अपनी मशीन लेकर काम पर निकलता था, लेकिन एक पल की चूक ने उसकी जान ले ली।
- कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) आगरा इकाई का विस्तार: नरेंद्र तनेजा बने चेयरमैन और कुलदीप सिंह कोहली संयुक्त महासचिव मनोनीत - August 18, 2026
- प्रकृति से प्रेम और पर्यावरण संरक्षण ही श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश: कमला नगर में परमहंस स्वामी गिरिशानंद सरस्वती के मुख से बही श्रीमद्भागवत की अमृतधारा - August 18, 2026
- 25 वर्षों से रिश्तों की अटूट डोर बन रहा ‘माधवी बेटियों का मायका’: आगरा में आयोजित अनूठे उत्सव में झूम उठीं बेटियां - August 18, 2026