लखनऊ: ‘यूपी में का बा’ गाने से मशहूर हुई सिंगर नेहा सिंह राठौर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पहलगाम आतंकी हमले पर सोशल मीडिया में की गई कथित भड़काऊ पोस्ट के मामले में वाराणसी और लखनऊ पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
वाराणसी के लंका थाने में नेहा के खिलाफ मामला दर्ज है, वहीं लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी एक अलग एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों जगहों से कई बार नोटिस भेजने के बावजूद नेहा अब तक जांच में शामिल नहीं हुई हैं।
सोमवार को वाराणसी पुलिस उनकी सुशांत गोल्फ सिटी स्थित फ्लैट पर पहुंची, लेकिन घर बंद मिलने पर दरवाजे पर जांच में शामिल होने का नोटिस चिपका दिया गया। वाराणसी पुलिस का कहना है कि नेहा को बयान दर्ज कराने के लिए बार-बार बुलाया गया, लेकिन वह पेश नहीं हुईं। उधर, हजरतगंज पुलिस ने भी दो नोटिस जारी किए, जिन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसी बीच नेहा सिंह राठौर ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है, हालांकि कोर्ट में अपना पक्ष रखने के लिए वह अब तक उपस्थित नहीं हुईं।
नेहा के ठिकानों पर दबिश जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लखनऊ और वाराणसी की संयुक्त टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा सकती है।
नेहा सिंह राठौर सोशल मीडिया पोस्ट और अपने गानों में सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के कारण पहले भी विवादों से घिरी रही हैं। इस बार मामला संवेदनशील होने की वजह से पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।
फिलहाल नेहा सिंह राठौर की ओर से इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
-एजेंसी
- Agra News: श्री मनकामेश्वर मंदिर में 9 फरवरी को ‘विराट हिंदू सम्मेलन’, अयोध्या के आचार्य गंगाधर पाठक भरेंगे हुंकार - February 6, 2026
- UGC इक्विटी रेगुलेशंस 2026: बीएचयू के बाद काशी विद्यापीठ और प्रयागराज में छात्रों का हल्लाबोल, उठी बहाली की मांग - February 6, 2026
- UP Earthquake Alert: यूपी में सुबह-सुबह डोली धरती, लखनऊ समेत इन जिलों में महसूस हुए भूकंप के झटके - February 6, 2026