राष्ट्रपति के हाथों आगरा को मिला राष्ट्रीय जल पुरस्कार, नगर निगम को निकाय श्रेणी में देश में तीसरा स्थान

REGIONAL

आगरा। शहर के लिए गौरव की बात है कि आगरा नगर निगम को छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार में नगर निकाय श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को यह सम्मान प्रदान किया।

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि नगर निगम विकसित भारत के विजन को ध्यान में रखते हुए लगातार नवाचार के साथ कार्य कर रहा है। स्वच्छता और स्वच्छ वायु की दिशा में उपलब्धियों के बाद जल प्रबंधन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिलना नगर निगम की टीम और आगरा की जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने इसे शहर के लिए गर्व का क्षण बताया।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय द्वारा घोषित परिणामों में नगर निकाय श्रेणी में महाराष्ट्र के नवी मुंबई को पहला, गुजरात के भावनगर को दूसरा, जबकि उत्तर प्रदेश के आगरा और पश्चिम बंगाल के नबादीगंता को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बेहतर जल प्रबंधन

आगरा नगर निगम ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत जल संरक्षण और बेहतर वितरण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ताजगंज क्षेत्र के छह वार्ड और तीन गांवों में 24 घंटे पानी उपलब्ध कराने के लिए 1200 एमएम की नई पाइपलाइन जीवनी मंडी वॉटर वर्क्स से बिछाई गई। साथ ही स्मार्ट मीटर और SCADA सिस्टम स्थापित किया गया, जिससे पानी की आपूर्ति और खपत पर रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकी।

पानी की बर्बादी रोकने के लिए लीकेज-ट्रैकिंग सिस्टम भी लगाया गया है। विभिन्न बिंदुओं पर लगाए गए ये मीटर लाइन में दबाव की जानकारी देते हैं, जिससे कहीं भी लीकेज होने पर तुरंत अलर्ट मिल जाता है।

एसटीपी से रिसाइकिल पानी का प्रभावी उपयोग

शहर के नौ एसटीपी से शौधित पानी को सड़कों पर स्प्रिंकलर से छिड़काव, पार्कों और डिवाइडरों की सिंचाई, टॉयलेट, क्लीनिक, अग्निशमन और किसानों की सिंचाई में उपयोग किया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर, धांधूपुरा स्थित 78 एमएलडी एसटीपी में एक माह में 2390 एमएलडी पानी प्रसंस्कृत हुआ, जिसमें से 1052 एमएलडी शौधित पानी उपलब्ध कराया गया। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला, बल्कि नगर निगम को आय भी प्राप्त हुई।

स्वच्छ सर्वेक्षण में भी दिखाई थी दमदार उपस्थिति

हाल ही में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में आगरा नगर निगम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष 10 स्वच्छ शहरों में जगह बनाई थी। प्रदेश स्तर पर भी नगर निगम दूसरे स्थान पर रहा था।

राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्राप्त करके आगरा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शहर विकास और जल प्रबंधन के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh