आगरा। खंदौली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस दरिंदे को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने बीती रात 65 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दबोचा, जिसमें वह गोली लगने से घायल हो गया।
घटना थाना खंदौली क्षेत्र के नाई की सराय, बिहारी नगर की है, जहाँ बीती रात महिला शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे जबरन पकड़कर दुष्कर्म किया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात सूचना मिली कि आरोपी अपने एक साथी के साथ यमुना एक्सप्रेसवे के पास मौजूद है। इस पर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायर किया, जिसमें मुख्य आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
एसीपी ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दी जा रही हैं।
यह मुठभेड़ पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है, जिससे इलाके में दहशत फैलाने वाले आरोपी को काबू कर लिया गया।
- ज़ाइडस पिंकाथॉन 12 शहरों तक पहुंचा, लक्ष्य 52 शहरों में विस्तार - October 26, 2026
- ‘बीजेपी लाख षड्यंत्र कर ले, गठबंधन को छू भी नहीं सकती…’: ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर यूपी कांग्रेस प्रभारी का करारा जवाब” - October 25, 2026
- कांग्रेस के ‘200 सीट हक’ वाले पोस्टर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- ”गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के मारे लगवा रही नकली पोस्टर” - October 25, 2026