लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में ‘200 सीट हक’ वाले कथित कांग्रेस पोस्टरों को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन पोस्टरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें ‘नकली’ करार दिया है। अखिलेश यादव का दावा है कि ये पोस्टर कांग्रेस पार्टी ने नहीं, बल्कि ‘इंडिया’ गठबंधन से घबराई भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके विरोधियों ने साजिश के तहत लगवाए हैं।
“गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के कारण लगवा रही नकली पोस्टर”
रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, “‘गठबंधन’ से भाजपा के पेट में हुआ दर्द… ‘नक़ली पोस्टर’ लगा रही, इतना गई डर।” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों में फूट दिखाने और राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
म्युनिसिपल अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
अखिलेश यादव ने राज्य के प्रशासनिक तंत्र और नगर निगम (म्युनिसिपल) के अधिकारियों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बिना किसी आधिकारिक अनुमति और बिना शुल्क जमा किए सरेआम इस तरह के अज्ञात पोस्टर और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा, “उप्र के म्युनिसिपल उच्चाधिकारियों को निलंबित कर देना चाहिए। ऐसे अज्ञात पोस्टरों को चोरी-छिपे लगाए जाने से स्थानीय राजस्व की भारी हानि हो रही है। यदि आधिकारिक भुगतान किया जाता, तो रसीद कटती और साजिशकर्ता का नाम सामने आ जाता। राजस्व की इस हानि का खामियाजा संबंधित अधिकारियों से वसूला जाना चाहिए।”
भ्रष्ट अधिकारियों को दी चेतावनी, कहा- ‘होगी जांच’
सपा प्रमुख ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उनकी पार्टी इस तरह की हर घटना का तारीख-वार रिकॉर्ड रख रही है और यह भी दर्ज किया जा रहा है कि इस समय कौन-कौन अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा, “आने वाली पीडीए सरकार इन भ्रष्ट अधिकारियों का सारा कच्चा-चिट्ठा खोलेगी। भविष्य में सरकार बनने पर ED, CBI से लेकर EOW तक सबको सक्रिय करके इन सभी का पक्का हिसाब-किताब किया जाएगा।”
क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ, अमेठी, रायबरेली और सुल्तानपुर जिलों में कुछ पोस्टर और होर्डिंग्स सामने आए थे, जिन पर “200 सीट हक है हमारा… यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा” लिखा हुआ था। इन पोस्टरों में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें थीं, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तस्वीर गायब थी। इन पोस्टरों को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच आगामी विधानसभा चुनाव के सीट शेयरिंग विवाद से जोड़कर देखा जा रहा था, जिस पर अब सपा प्रमुख ने अपना कड़ा रुख साफ कर दिया है।
- ‘बीजेपी लाख षड्यंत्र कर ले, गठबंधन को छू भी नहीं सकती…’: ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर यूपी कांग्रेस प्रभारी का करारा जवाब” - October 25, 2026
- कांग्रेस के ‘200 सीट हक’ वाले पोस्टर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- ”गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के मारे लगवा रही नकली पोस्टर” - October 25, 2026
- सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की अटकलों के बीच होर्डिंग वार: अब “200 सीट हक है हमारा… यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा” के लगे पोस्टर - October 25, 2026