उत्तर-प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का आज (1 जुलाई) को जन्मदिन है। सपा अध्यक्ष 52 साल के हो गए हैं। इस मौके पर अखिलेश यादव को लोग जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ और बसपा सुप्रीमो मायावती समेत तमाम नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से अखिलेश को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!’
बसपा सुप्रीमो मायावती ने लिखा, ‘समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में सांसद श्री अखिलेश यादव जी को आज उनके जन्म दिन पर हार्दिक बधाई तथा उनके सुखी व दीर्घायु जीवन की भी ढेरों शुभकामनायें।’
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘PDA की बुलंद आवाज़ अखिलेश यादव भाई को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई! आप स्वस्थ रहें, खुश रहें – हम इस न्याय और बराबरी की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ हैं।’
प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और देवों के देव महादेव की कृपा से आपका स्वास्थ्य उत्तम और आप दीर्घायु हों।’
बता दें कि अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश में एक प्रमुख राजनीतिक व्यक्ति हैं। उन्होंने 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश के सीएम के रूप में कार्य किया, 38 वर्ष की आयु में पद संभालने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति बने। 1 जुलाई 1973 को सैफई, इटावा में जन्मे, वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र हैं। वर्तमान में वह कन्नौज से सांसद हैं।
-साभार सहित
- Agra News: मायके में रह रही पत्नी ने जाने से किया इंकार तो फ्लाईओवर की रेलिंग पर चढ़ गया पति, पुलिस ने सूझबूझ से बचाई जान - July 1, 2025
- Agra News: अवैध रूप से चल रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान शुरू करेगा परिवहन विभाग - July 1, 2025
- Agra News: कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान बचाई गई हथनी ने संरक्षण केंद्र में पूरे किये 5 साल - July 1, 2025