राजस्थान के झालावाड़ में आधी रात के समय एक दुखद घटना घटी, जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया। मध्य प्रदेश की सीमा से लगे झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र में बारातियों से भरी वैन में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘इस हृदय विदारक दुर्घटना में नौ बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई।’
दुर्घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिससे शादी वाले घर में कोहराम मच गया। एक स्थानीय निवासी ने दुख जताते हुए कहा, ‘शादी समारोह के बाद खुशी-खुशी घर वापस जा रहे बारातियों को इस दुखद घटना का सामना करना पड़ा।’
अकलेरा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि यह दुखद घटना शनिवार की आधी रात के समय अकलेरा थाना क्षेत्र में घटी। पुलिस के मुताबिक ‘अकलेरा कस्बे के रहने वाले एक बाराती मध्य प्रदेश के खिलचीपुर क्षेत्र के एक गांव में गए थे। शनिवार रात बारात वापस लौट रही थी। एक वैन में 10 बाराती सवार थे।
अकलेरा और घाटोली के बीच पचौला मोड़ पर बारातियों से भरी वैन में ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वैन में सवार 9 लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक का इलाज चल रहा है। मृतक सभी लोग बागरी समुदाय के सदस्य थे।’
मृतकों की हुई पहचान: डीएसपी
डीएसपी हेमंत गौतम ने बताया तड़के अकलेरा के पास हादसे में 9 लोगों ने अपनी जान गंवाई। एक युवक फिलहाल गंभीर रूप से घायल है। वैन और तेज रफ्तार ट्रक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत इतनी भयंकर रही वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 20 से 25 साल की उम्र के युवक मारे गए। मृतकों की पहचान अशोक कुमार, रोहित, हेमराज, राहुल, सोनू, दीपक, रवि शंकर, रोहित बागरी, रामकृष्ण के रूप में हुई। डीएसपी ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया।
मृतकों में सात लोग अकलेरा के थे: थाना प्रभारी
मृतकों के शवों को सुरक्षित रखने के लिए अकलेरा सरकारी अस्पताल में रखवा दिया गया है। अकलेरा थाना प्रभारी संदीप बिश्नोई ने बताया, ‘दुर्घटना की खबर मिलते ही अकलेरा पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
शवों को तुरंत अस्पताल के शवगृह में ले जाया गया। मृतकों में सात लोग अकलेरा के थे जबकि एक हरनावदा और एक बारात सारोला का था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।’
-एजेंसी
- दिल्ली पुलिस के ‘पीस बॉन्ड’ नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा: CEC के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच तत्काल सुनवाई की मांग - October 19, 2026
- CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने Meta को दिया कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम और एल्गोरिदम ठीक करने का निर्देश - October 19, 2026
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026