साउथ अफ्रीका में एक के बाद एक खिलाड़ी लगातार संन्यास ले रहे हैं। डीन एल्गर ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद संन्यास लिया था। उससे पहले क्विंटन डिकॉक ने वर्ल्ड कप के बाद वनडे क्रिकेट छोड़ दिया। उन्होंने पहले ही टेस्ट से संन्यास ले लिया था। अब 32 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने भी संन्यास का ऐलान कर दिया है।
रेड बॉल क्रिकेट नहीं खेलेंगे क्लासेन
हेनरिक क्लासेन ने रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास लिया है। यानी अब वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट के साथ ही टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे। 32 साल के क्लासेन ने साउथ अफ्रीका के लिए चार टेस्ट खेले हैं। 2019 में भारत दौरे पर उनका डेब्यू हुआ था। पिछले साल मार्च में उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट खेला था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका डेब्यू 2012 में हुआ था। अपने आखिरी टेस्ट के बाद क्लासेन ने कोई फर्स्ट क्लास मैच भी नहीं खेला है।
क्लासेन के अनुसार उनके लिए संन्यास लेने का फैसला आसान नहीं था। उन्होंने बयान में कहा, ‘कई रातों की नींद ये सोचते हुए खराब करने के बाद कि क्या मैं सही कर रहा हूं? मैंने रेड-बॉल क्रिकेट से रिटायर होने का फैसला किया है। यह एक मुश्किल फैसला है क्योंकि यह अब तक खेल का मेरा पसंदीदा फॉर्मेट है। यह एक शानदार जर्नी रही है और मुझे खुशी है कि मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व कर सका।’
वनडे और टी20 खेलते रहेंगे
हेनरिच क्लासेन वनडे और टी20 खेलना जारी रखेंगे। 4 टेस्ट की 8 पारियों में उनके नाम 104 रन हैं। उन्होंने 10 कैच लिए और दो बल्लेबाजों को स्टंप भी किया। वहीं फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 85 मुकाबलों में 46 की औसत से 5327 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 24 अर्धशतक निकले।
Compiled: up18 News
- Agra News: क्षत्रिय सभा (राजपुर चुंगी शाखा) का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न; समाज की एकजुटता और विकास का लिया संकल्प - June 21, 2026
- ‘बेस्ट फादर अवार्ड-2026’: पिता के त्याग और समर्पण को नमन, आगरा में आठ प्रेरणादायी हस्तियों का हुआ सम्मान - June 21, 2026
- आगरा: पद्मावती पुरवाल समाज के परिचय सम्मेलन में दिखा अद्भुत उत्साह, देशभर से जुटे सैकड़ों विवाह योग्य युवक-युवती - June 21, 2026