दिन में भूख हडताल, रात में जंगला उखाड भाग निकले 14 बाल कैदी

दिन में भूख हडताल, रात में जंगला उखाड भाग निकले 14 बाल कैदी

Crime NATIONAL POLITICS PRESS RELEASE REGIONAL

Mathura (Uttar Pradesh, India) मथुरा जिलाधिकारी आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह (बाल सुधार गृह) से 14 बाल कैदी फरार हो गए। चार महीने के अंदर संप्रेक्षण गृह से बाल कैदियों के भागने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 17 मार्च को 5 बाल कैदी गार्ड के साथ मारपीट कर भाग निकले थे। यह घटना बुधवार की रात तकरीबन 2:30 बजे की है। बाल कैदी संप्रेक्षण गृह की खिड़की को तोड़कर वहां से भाग निकले। संप्रेक्षण गृह पर तैनात गार्ड ने बाल कैदियों को भागते हुए देख लिया। उसने पुलिस को सूचना दी, सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कप मच गया। फरार हुए बाल कैदियों को खोजने के लिए पुलिस टीमें दौड़ने लगीं। यह जानने के लिए कि कितने बाल कैदी भागे हैं आनन फानन में बाल कैदियों की गिनती कराई गयी। इस बीच पुलिस टीमें भागे हुए कैदियों की तलाश में जुट गईं।

भोजन की गुणवत्ता अच्छी न होने से व्यथित होकर उठाया कदम
पुलिस टीमों ने गुरुवार की सुबह होने तक सात किशोरों को पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि किशोर बंदियों ने बच्चा जेल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता अच्छी न होने से व्यथित होकर यह कदम उठाया है। पकड़े गए किशोर बंदियों ने पूछताछ में पुलिस को जो जानकारी दी है, वह चैकाने वाली है। उनको सही तरह से खाना पीना नही दिया जा रहा था। इसको लेकर वह असंतुष्ट थे। इसी को लेकर किशोर बंदियों ने बगावत करना शुरू कर दिया था। गत शुक्रवार को बंदियों ने भूख हड़ताल भी रखी थी।

17 मार्च को पांचों किशोर होमगार्ड से मारपीट कर भाग निकले थे

राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर से पांच किशोर 17 मार्च 2020 की शाम होमगार्ड के साथ मारपीट कर भाग निकले थे। बाद में इन्हें पकड लिया गया था। राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर के गेट पर पर शाम को तकरीबन साढ़े सात बजे एक किशोर पानी लेने के लिए आया था। होमगार्ड को उसने बताया कि जेलर ने पानी मंगाया है। किशोर जैसे ही बोतल लेकर आगे आया और होमगार्ड करन सिंह ने गेट खोला तभी पीछे से चार किशोर और आ गए। पांचों किशोर होमगार्ड से मारपीट कर भाग निकले थे।  

सुधार गृह में 106 बच्चे आवासित हैं, क्षमता कम है और बच्चे अधिक हैं
जिलाधिकारी मथुरा सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि सुबह जैसे ही जानकारी हुई, यहां आकर सब चीजों को देखा गया है। बच्चों से भी बात हुई है। आज की जो घटना है उसकी जानकारी करने पर पता हुआ है कि रात में दो से तीन बजे के बीच में जंगला उखाड कर 14 बच्चे निकले हैं। जिनमें से सात मिल गये हैं। सुधार गृह में इस समय लगभग 106 बच्चे आवासित हैं, क्षमता कम है और अधिक बच्चे हैं।

7 किशोरों को सकुशल पकड़ा गया है। अन्य की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगी हुई हैं
एसएसपी मथुरा डॉ गौरव ग्रोवर ने बताया कि  रात को 14 किशोर भागे थे। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 7 किशोरों को सकुशल पकड़ लिया है। अन्य की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगी हुई। ये सभी भिन्न भिन्न मुकदमों में बंद थे। तहरीर मिलते ही एफ आई आर दर्ज की जाएगी और इस मामले में जो भी संलिप्त होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूरे जिले में इसकी सूचना करा दी गई है।

Dr. Bhanu Pratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *