​सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष: आगरा में मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने गिनाईं मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां

REGIONAL

आगरा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को आगरा के सर्किट हाउस में एक भव्य मीडिया संवाद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने की। इस दौरान सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और 12 वर्षों में आए सकारात्मक परिवर्तनों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

​सेवा और सुशासन का 12 वर्षीय सफर

संवाद को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के क्षेत्र में जो ऊंचाइयां हासिल की हैं, वे अभूतपूर्व हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंत्योदय की भावना को सर्वोपरि रखा है, जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा है।” उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और हर घर जल मिशन को आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का प्रमुख आधार बताया।

​विकास यात्रा और डिजिटल गवर्नेंस

मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि तकनीक और डिजिटल गवर्नेंस (DBT) के माध्यम से सरकार ने न केवल भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है, बल्कि ₹4.31 लाख करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि को गलत हाथों में जाने से रोककर देश के खजाने को सुरक्षित किया है। उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और भारत की छवि एक ऐसे देश की है जो चुप नहीं बैठता, बल्कि मुंहतोड़ जवाब देता है। उन्होंने बताया कि भारत आज नक्सलवाद से मुक्ति की ओर है और ‘रेड कॉरिडोर’ का स्थान ‘ग्रीन ग्रोथ जोन’ ने ले लिया है।

जनकल्याणकारी योजनाओं का महा-अभियान

मंत्री ने आंकड़ों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां गिनाईं:

​गरीब कल्याण: 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए।

​स्वास्थ्य सुरक्षा: आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ हेल्थ कार्ड और मिशन इंद्रधनुष में 5.4 करोड़ बच्चों का टीकाकरण।

​आवास एवं गैस: 4 करोड़ से ज्यादा पक्के मकान और 11 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन।

​कृषि समृद्धि: पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए 11 करोड़ किसानों के खातों में ₹4.3 लाख करोड़ का सीधा हस्तांतरण।

महिला सशक्तिकरण: लखपति दीदी योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं और बेटियों को आर्थिक सुरक्षा।

​आधुनिक भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर

मंत्री ने बताया कि 2014 के बाद देश में राजमार्गों का नेटवर्क 1.46 लाख किमी तक पहुंच गया है। उन्होंने अटल टनल, चेनाब ब्रिज और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को नए भारत की पहचान बताया। साथ ही, 90 से अधिक नए हवाई अड्डों के निर्माण और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ता शहरी परिवहन सिस्टम करार दिया।

सांस्कृतिक चेतना और विरासत का संरक्षण

विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक गौरव पर बल देते हुए मंत्री ने ‘कर्तव्य पथ’, ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’, ‘नए संसद भवन’ और आदिवासी गौरव दिवस जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलकर अब ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के मंत्र के साथ दुनिया का सबसे भरोसेमंद दोस्त बनकर उभरा है।

प्रमुख उपस्थिति

इस मीडिया संवाद में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह और महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित आगरा के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh