ब्रज भूमि में जल ज्ञान यात्रा के सारथी बने 111 स्कूली बच्चे

Education/job HEALTH NATIONAL REGIONAL RELIGION/ CULTURE

 नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की ओर से मथुरा में किया गया जल ज्ञान यात्रा का आयोजन

मथुरा। नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की ओर से मथुरा में जल ज्ञान यात्रा का आयोजन किया गया। छात्र छात्राओं ने उत्सुकता के साथ लक्ष्मी नगर के एसटीपी प्लांट को देखा। वो वॉटर टेस्टिंग लेबोरेट्री भी गये और उन्होने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भ्रमण किया। जल जीवन मिशन की परियोजनाओं के शैक्षिक भ्रमण में मथुरा के 10 प्राथमिक विद्यालयों के लगभग 111 छात्र छात्राओं ने भाग लिया।

स्कूली बच्चों ने हर घर जल योजना से लाभान्वित ग्रामीणों के सुखद अनुभव को सुना। पूर्व में पीने के पानी के संकट और योजना के आने के बाद घरों तक नल कनेक्शन पहुंचने से मिले फायदों को भी जाना।   जल निगम (ग्रामीण) मथुरा के सहायक अभियंता आरके सिंह ने कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर जल ज्ञान यात्रा का शुभारंभ किया। हाथों में जल संरक्षण से जुड़े स्लोगन लिए प्राथमिक विद्यालय के बच्चे बेहद उत्साह में थे।

उन्होंने परियोजनाओं पर पहुंचकर वहां लगाए गए संसाधनों के बारे में अधिकारियों से कई प्रश्न भी पूछे। सहायक अभियंता ने छात्र-छात्राओं को परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी देते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिये। उन्हें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, जल जांच की फील्ड टेस्ट किट और युवाओं को दिये जा रहे तकनीकी प्रशिक्षण की जानकारी भी दी। स्कूली बच्चों को स्वच्छ पानी की उपयोगिता बताते हुए दूषित पेयजल से होने वाले रोगों की जानकारी भी दी गई। बता दें कि राज्य सरकार की अनूठी पहल पर देश में पहली बार भावी पीढ़ी को जल जीवन मिशन की परियोजनाओं का सहभागी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश में जल ज्ञान यात्रा का शुभारंभ किया गया है।