नई दिल्ली: देवउठनी एकादशी के साथ ही देश भर के बाजारों में एक बार फिर जबरदस्त रौनक लौटने जा रही है। दिवाली के सफल त्योहारी सीजन के बाद अब देश भर में बैंड-बाजा, बारात और मांगलिक कार्यों की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। दुल्हनों के परिधानों की खरीदारी से लेकर सोने-चांदी के आभूषणों, होटलों, बैंक्वेट हॉलों, कैटरिंग और सजावट कारोबारियों तक, हर किसी की निगाहें अब शादियों के इस बड़े सीजन पर टिकी हैं।
व्यापारियों के प्रमुख संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के ताजा अनुमान के मुताबिक, इस सीजन में देशभर में करीब 52 लाख शादियां आयोजित होंगी, जिनसे लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कुल कारोबार होने की संभावना है। वहीं, अकेले दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में ही 5 लाख शादियों के माध्यम से 1 लाख करोड़ रुपये के व्यापार का अनुमान व्यक्त किया गया है।
‘वोकल फॉर Local’ का असर, GST राहत से भारतीय उत्पादों को तरजीह
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 अक्टूबर को नवरात्रि पर्व के साथ आरंभ हुए त्योहारी सीजन में दिवाली तक देश भर के बाजारों में शानदार व्यापार दर्ज किया गया था। अब व्यापारी वर्ग पूरी तरह से शादी के सीजन की तैयारियों में जुट चुका है।
उन्होंने बताया कि जीएसटी (GST) की दरों में कटौती और हालिया राहतों के बाद उपभोक्ताओं के खरीदारी व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन देखा जा रहा है। ग्राहक अब चीनी लाइटिंग, कृत्रिम सजावट और आयातित गिफ्ट एक्सेसरीज जैसे विदेशी सामानों की जगह पूरी तरह से स्वदेशी एवं भारतीय उत्पादों को तरजीह दे रहे हैं।
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव गुरमीत अरोड़ा के अनुसार, ‘वोकल फॉर लोकल वेडिंग्स’ (Vocal for Local Weddings) अभियान का व्यापक असर बाजार में दिखाई दे रहा है। भारतीय सामान की बढ़ती मांग से पारंपरिक कारीगरों, सर्राफा कारोबारियों (ज्वैलर्स) और कपड़ा उद्योग से जुड़े व्यापारियों को बड़े स्तर पर ऑर्डर प्राप्त हो रहे हैं।
विवाह बजट का गणित: किस क्षेत्र में कितना होगा खर्च?
CTI के अधिकारियों के मुताबिक, शादियों के इस सीजन का दायरा केवल कपड़ों और जेवरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इससे डेकोरेटर, कैटरर, फ्लोरिस्ट, संगीत कलाकार, ट्रांसपोर्टर और होटल उद्योग को भी सीधा वित्तीय लाभ पहुंचता है।
CTI के महासचिव रमेश आहूजा और उपाध्यक्ष राहुल अदलखा ने शादी के बजट का विस्तृत विभाजन साझा करते हुए बताया कि कुल खर्च का बड़ा हिस्सा विभिन्न सामानों और सेवाओं पर वितरित होता है । जिसमे अनुमान के मुताबिक कुल बजट का लगभग 15% हिस्सा आभूषणों (ज्वेलरी) पर, 10% परिधानों, साड़ियों व लहंगों पर और 5% इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कंज्यूमर ड्यूरेबल्स पर खर्च होता है। इसके अलावा 5% मिठाई व सूखे मेवों, 5% किराना व खाद्य सामग्री, 4% उपहार सामग्री (Gifts) और लगभग 6% अन्य विविध सामानों पर खर्च होने का अनुमान है।
सेवाएं और प्रबंधन सेवाओं के अंतर्गत टेंट व सजावट पर 10%, कैटरिंग पर 10%, बैंक्वेट हॉल व होटलों पर 5%, फूलों की विशेष सजावट पर 4%, इवेंट मैनेजमेंट पर 3%, परिवहन व कैब सेवाओं पर 3%, संगीत व ऑर्केस्ट्रा पर 3%, लाइट व साउंड सिस्टम पर 3%, फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी पर 2% और अन्य संबद्ध सेवाओं पर लगभग 7% राशि खर्च होने का अनुमान है।
21 नवंबर से गूंजेगी शहनाई, 13 दिसंबर से लगेगा मलमास का ब्रेक
लगभग चार महीनों के लंबे इंतजार के बाद 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी और तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न होने के साथ ही 21 नवंबर से मांगलिक कार्यों की विधिवत शुरुआत हो रही है। 21 नवंबर को ‘अबूझ साया’ होने के कारण रिकॉर्ड संख्या में विवाह संपन्न होने जा रहे हैं। इसके पश्चात दिसंबर माह में भी 12 तारीख तक विवाह के अनेक शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं।
CTI द्वारा जारी पंचांगीय विवरण के अनुसार, 13 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक ‘मलमास’ (खरमास) लगने के कारण मांगलिक व विवाह कार्यों पर अल्पविराम रहेगा। इसके बाद 15 जनवरी 2027 से पुन: विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे, जो 28 जून 2027 तक निरंतर जारी रहेंगे। तत्पश्चात शुक्र तारा अस्त होने और 13 जुलाई 2027 को देवशयनी एकादशी आने के साथ ही शादी का सीजन पुनः चार महीनों के लिए थम जाएगा। व्यापारी संगठनों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों की यह व्यापारिक लहर भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी।
- हापुड़ के काठीखेड़ा गांव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल: डीजे के बेस से बजने लगे बिरयानी के भगोने; कान बंद करने पर मजबूर हुए लोग - November 21, 2026
- देवउठनी एकादशी के साथ शुरू हुआ शादियों का सीजन: जानें 2027 तक के शुभ विवाह मुहूर्त; 13 दिसंबर से खरमास का ब्रेक, 15 जनवरी से फिर गूंजेगी शहनाई - November 21, 2026
- देवउठनी एकादशी के साथ शादी के सीजन का आगाज: देशभर में 52 लाख शादियों और 6 लाख करोड़ के रिकॉर्ड कारोबार का अनुमान - November 21, 2026