
अयोध्या: उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित वोटों को लेकर एक बार फिर बयानबाजी और सियासी घमासान तेज हो गया है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने अयोध्या की जनसभा से समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को दलित समाज से माफी मांगनी चाहिए, और यदि ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता वोट के जरिए इसका जवाब देगी।
आगरा के दलित सम्मेलन वाले बयान पर कसा तंज
दरअसल, 15 नवंबर को आगरा में आयोजित सपा के दलित सम्मेलन के दौरान रामगोपाल यादव ने शोर मचा रहे कुछ युवाओं को ‘मूर्ख’ कह दिया था, जिसके बाद से ही राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। अयोध्या के पंडितपुर में आयोजित बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की जनसभा में आकाश आनंद ने कहा कि रामगोपाल यादव के इस एक बयान ने दलित समुदाय को सपा नेतृत्व की वास्तविक सोच समझा दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चेहरे पर कितना भी मेकअप कर लिया जाए, लेकिन दिल की बात आखिरकार जुबान पर आ ही जाती है।
बेरोजगारी, पेपर लीक और दीपोत्सव पर भाजपा को घेरा
आकाश आनंद ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को भी बेरोजगारी, पेपर लीक और स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में दस से अधिक भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जिससे युवाओं की मेहनत पर पानी फिरा और वे प्रभावित हुए। दीपोत्सव के दौरान दीयों का रिकॉर्ड बनने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि इस रोशनी का फायदा बेरोजगारों और जरूरतमंद परिवारों तक कितना पहुंच रहा है।
बीकापुर से बसपा प्रत्याशी घोषित, मायावती को 5वीं बार सीएम बनाने की अपील
बीकापुर के भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा कि क्षेत्र के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए आज भी लखनऊ जाना पड़ता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र से जितेंद्र सिंह और बबलू को बसपा प्रत्याशी घोषित किया।
- तंत्र-मंत्र के लिए 4 साल की मासूम की हत्या! बुलंदशहर में खौफनाक वारदात, पड़ोसी महिला के कमरे से मिला अंगुलियां कटा हुआ शव - November 22, 2026
- आगरा के प्रमुख मंदिरों में शीतकालीन सेवा शुरू; बाबा मनःकामेश्वर को ओढ़ाया जाएगा कंबल, पूजा व दर्शन के समय में बदलाव - November 22, 2026
- सहारनपुर में प्रोटोकॉल की बड़ी चूक; सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए तैयार गार्ड ऑफ ऑनर असदुद्दीन ओवैसी को दे गई पुलिस - November 21, 2026