लखनऊ: चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। लापरवाही और सुस्त कार्रवाई के गाज गिरते हुए पुलिस कमिश्नर ने इस मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा को उनके पद से हटा दिया है। इससे पहले इस सनसनीखेज मामले में डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को भी हटाया जा चुका है, जबकि हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह को पहले ही लाइन हाजिर किया जा चुका है।
दूसरी ओर, इस हत्याकांड की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी श्रद्धा लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर रही है, इसके बावजूद लखनऊ पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हो पाई है।
ACP हजरतगंज की जगह अभिषेक पांडेय को जिम्मेदारी
पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाते हुए एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा को उनके पद से हटाकर एसीपी क्राइम के पद पर भेज दिया है। उनकी जगह अभिषेक पांडेय को हजरतगंज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभिषेक इससे पहले एसीपी कैसरबाग के रूप में तैनात थे। वहीं, गौरव उपाध्याय को नया एसीपी कैसरबाग बनाया गया है, जो पहले पुलिस आयुक्त कार्यालय से संबद्ध थे।
बता दें कि जिन अधिकारियों पर यह गाज गिरी है, उनका महज चार महीने पहले ही तबादले के बाद इन पदों पर नया पदस्थापन हुआ था। इससे पहले रविवार को डीसीपी मध्य विक्रांत वीर को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया था और उनकी जगह डीसीपी ट्रैफिक रहे अर्पित विजयवर्गीय को डीसीपी मध्य (क्षेत्रीय अभिसूचना के अतिरिक्त प्रभार के साथ) की जिम्मेदारी दी गई थी।
क्या है पूरा मामला?
राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज में गत 9 अक्टूबर को कारोबारी शिवा शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में मॉडल श्रद्धा दुबे के फ्लैट से नीचे गिर गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद 10 अक्टूबर को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस के औपचारिक तौर पर मुकदमा दर्ज करने से पहले ही मुख्य आरोपी श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के नेपाल भाग जाने की बात सामने आई थी। जांच के दौरान कई सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं, और पुलिस ने श्रद्धा की गाड़ी को रुपईडीहा बॉर्डर के पास से बरामद भी किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। उनकी तलाश में कुल 10 विशेष टीमें दिन-रात जुटी हुई हैं और नेपाल पुलिस की भी सहायता ली जा रही है।
- आगरा के बाह में रिटायर शिक्षक से 15 लाख हड़पने के लिए रची गई खौफनाक साजिश; पुलिस अधिकारियों के नाम पर ऐंठे रुपये, आरोपी गिरफ्तार - October 19, 2026
- ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला; बोले— पिता और चाचा की विरासत नहीं संभाल पा रहे सपा प्रमुख - October 19, 2026
- अयोध्या में भूपेंद्र चौधरी का विपक्ष पर तीखा हमला: बोले— “इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर संविधान को किया कमजोर, आज वही लोग उठा रहे हैं सवाल” - October 19, 2026