लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 के लिए प्रदेश के सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के लिए आधिकारिक ‘सार्वजनिक और निर्बन्धित’ (Public and Restricted) छुट्टियों का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी इस आधिकारिक आदेश में होली, दीपावली, छठ पूजा, महानुभावों की जयंतियों तथा रविवार को पड़ने वाले प्रमुख त्योहारों का पूरा ब्योरा प्रस्तुत किया गया है।
मार्च में 23 को होली और अक्टूबर में 29 को दीपावली
शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, वर्ष 2027 में रंगों का त्योहार होली का मुख्य सार्वजनिक अवकाश 23 मार्च (मंगलवार) को रहेगा। इससे पूर्व 22 मार्च (सोमवार) को ‘होलिका दहन’ का सार्वजनिक अवकाश और 24 मार्च (बुधवार) को निर्बन्धित अवकाश रखा गया है।
वहीं, साल के सबसे बड़े रोशनी के पर्व दीपावली का मुख्य सार्वजनिक अवकाश 29 अक्टूबर (शुक्रवार) को घोषित किया गया है। दीपावली की इस छुट्टी के क्रम में 28 अक्टूबर (गुरुवार) को ‘नरक चतुर्दशी’ का निर्बन्धित अवकाश रहेगा। इसके बाद 30 अक्टूबर (शनिवार) को ‘गोवर्द्धन पूजा’ और 31 अक्टूबर (रविवार) को ‘भैयादूज व चित्रगुप्त जयंती’ का अवकाश तय किया गया है।
रविवार को पड़ेंगे तीन प्रमुख अवकाश, नहीं मिलेगा अतिरिक्त लाभ
वर्ष 2027 के कैलेंडर की खास बात यह है कि कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व और महापुरुषों की जयंतियां रविवार के दिन पड़ रही हैं, जिसके कारण कर्मचारियों को अलग से अतिरिक्त छुट्टी का लाभ नहीं मिल सकेगा।
रविवार के दिन पड़ने वाले प्रमुख अवकाशों में 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), 31 अक्टूबर (भैयादूज एवं सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती), और 14 नवम्बर (गुरु नानक जयंती/कार्तिक पूर्णिमा) शामिल हैं। शासन द्वारा जारी इस सूची के आधार पर अब विभागों में अगले वर्ष के प्रशासनिक और शैक्षणिक सत्र की योजनाएं तैयार की जा सकेंगी।
- योगी सरकार ने जारी की वर्ष 2027 की आधिकारिक छुट्टियों की सूची: होली, दीपावली और प्रमुख पर्वों का ब्योरा जारी - November 18, 2026
- गोरखपुर में सपा प्रमुख के रोड शो पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का तंज: “अखिलेश कहीं भी यात्रा निकालें, सपा का भविष्य अंधकार में है और रहेगा” - November 18, 2026
- आगरा स्मार्ट सिटी कार्यालय का हैंगिंग गार्डन बदहाल: सूख गए ज्यादातर पौधे, उठ रहे रखरखाव पर सवाल - November 18, 2026