मिथिला मगन भई, आज सिया का जनम भयो… आगरा जनकपुरी महोत्सव में मां जानकी के प्राकट्य पर गूंजेंगे बधाई गीत, महिला समिति की विशेष नृत्य प्रस्तुतियां

PRESS RELEASE

आगरा। जनकपुरी महोत्सव को लेकर तैयारियां अब धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक रंग भी लेने लगी हैं। भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी कार्यालय पर इन दिनों महिला समिति की सदस्याएं प्रतिदिन अभ्यास में जुटी हैं। श्री रामलीला महोत्सव में मां जानकी के जन्म प्रसंग को विशेष बनाने के लिए महिलाएं “मिथिला मगन भई, आज सिया का जनम भयो” और “सिया का जनम भयो” जैसे बधाई गीतों पर भावपूर्ण नृत्य की प्रस्तुति तैयार कर रही हैं।

जनकपुरी महोत्सव महिला समिति की अध्यक्ष अमृता पोरवाल ने बताया कि 2 अक्टूबर को श्री रामलीला महोत्सव में मां जानकी जी के जन्म का प्रसंग मंचित किया जाएगा। इस अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए महिला समिति की ओर से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी कार्यालय पर महिलाएं गीत, नृत्य और प्रस्तुति की बारीकियों का अभ्यास कर रही हैं।

महिला समिति की सदस्याएं मिथिला की पारंपरिक खुशी और उल्लास को नृत्य के माध्यम से जीवंत करने की तैयारी कर रही हैं। अभ्यास के दौरान बधाई गीतों के साथ मां जानकी के जन्म की दिव्यता और मिथिला में छाए उल्लास को मंच पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। समिति का उद्देश्य है कि रामलीला में सीता जन्म का प्रसंग श्रद्धालुओं के लिए भावपूर्ण और आकर्षक बन सके।

तैयारियों में ममता अरोड़ा, अमृता पोरवाल, जूली अग्रवाल, वाणी चौहान, मीनू सिंह, शालिनी बंसल, रीना सिंह, पूजा चौहान, सपना लुथरा, ट्विंकल बंसल, डॉ. अनामिका शर्मा, सुनीता शर्मा, ज्योति सिंह, मीना पाठक, संगीता श्रीवास्तव, अल्का सिंह, दीपिका माहेश्वरी, शैलेश शर्मा, आशा गुप्ता, मीनाक्षी जादौन, रुचि बंसल, रोहिणी शर्मा नियमित रूप से अभ्यास में सहभागिता कर रही हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh