दाढ़ी वाले ने हत्या की तो मूंछ वाले को क्यों पकड़ें? – नीट पेपर लीक विवाद पर बोले योगी सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय

REGIONAL

नीट (NEET) पेपर लीक और सीबीएसई (CBSE) से जुड़े हालिया विवादों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर यूपी सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का एक बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। कानपुर दौरे पर पहुँचे मंत्री ने बेहद तीखे अंदाज में विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “ऐसा नहीं हो सकता कि अपराध कोई और करे और सजा किसी और को दी जाए। दाढ़ी वाले ने हत्या की है, तो मूंछ वाले को क्यों पकड़ा जाए?”

​सर्किट हाउस में विपक्ष पर बरसे मंत्री

केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल के उपलक्ष्य में कानपुर पहुँचे उच्च शिक्षा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने नीट मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को सिरे से नकारते हुए कहा कि किसी मंत्री की जवाबदेही तभी बनती है जब उसकी सीधी संलिप्तता हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सरकार कठोरतम कार्रवाई कर रही है। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “क्या पहले कभी किसी मंत्री ने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दिया था? जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा, वह सीधे जेल जाएगा।”

​’पेपर लीक की घटनाओं में 90 प्रतिशत की कमी’

परीक्षा प्रणाली में सुधार का दावा करते हुए मंत्री ने एक अजीबोगरीब सांख्यिकीय तर्क पेश किया। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में यदि 100 पेपर लीक होते थे, तो आज मात्र 10 घटनाएँ सामने आ रही हैं, जो सीधे तौर पर 90 प्रतिशत की कमी को दर्शाता है।

उन्होंने पिछली सरकारों पर दोषियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और दावा किया कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।

​विपक्ष को बताया ‘बगूले और कॉकरोच जैसी पार्टी’

मंत्री ने विपक्ष की घेराबंदी करते हुए उन पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने विपक्ष को “बगूले जैसी पार्टी” की संज्ञा देते हुए कहा कि आज विपक्षी दल अपनी नीतिहीनता और दिशाहीनता के कारण हाशिए पर हैं।

उन्होंने “कॉकरोच पार्टी” का जिक्र करते हुए कहा कि इनका न तो कोई संविधान है और न ही कोई स्पष्ट नीति। मंत्री ने कहा कि विपक्ष का नैतिक बल समाप्त हो चुका है और जनता अब उनके पुराने शासनकाल के भ्रष्टाचार का हिसाब मांग रही है।

​मोदी सरकार के 12 साल को बताया ‘स्वर्णिम काल’

नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को मंत्री ने भारत का ‘गौरव काल’ करार दिया। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2014 में जो भारत दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं की दौड़ में 12वें पायदान पर था, वह आज चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन चुका है।

उन्होंने दावा किया कि भारत ने ब्रिटेन जैसे विकसित देशों को आर्थिक मोर्चे पर पछाड़ दिया है। आतंकवाद के विरुद्ध कड़े फैसलों और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती साख का जिक्र करते हुए उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार किसी भी आर्थिक चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम है।

Dr. Bhanu Pratap Singh