आगरा। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का शुभारंभ यमुना मैया के चुनरी मनोरथ के साथ होगा। 13 नवंबर से आरंभ होने वाले श्रीकृष्ण लीला महोत्सव से पूर्व रविवार, 25 अक्टूबर को यमुना मैया के चुनरी मनोरथ उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों और रूपरेखा को लेकर वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता करते हुए समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यमुना मैया का चुनरी मनोरथ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि उनके प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का भावपूर्ण माध्यम है। सनातन परंपरा में मां यमुना को भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय और ब्रज संस्कृति की जीवनधारा माना गया है। उन्हें चुनरी अर्पित कर श्रद्धालु सुख-समृद्धि, परिवार की मंगलकामना और महोत्सव के निर्विघ्न आयोजन की प्रार्थना करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का आध्यात्मिक वातावरण बनेगा और श्रद्धालुओं को ब्रज की भक्ति परंपरा से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मनीष अग्रवाल ने आगे बताया कि रविवार को दोपहर तीन बजे बल्केश्वर स्थित गणेश राम नागर स्कूल से बैंड-बाजों और ढोल के साथ चुनरी मनोरथ यात्रा निकाली जाएगी, जो पार्वती घाट पहुंचेगी। मार्ग में श्रद्धालु पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत करेंगे। पार्वती घाट पर विधि-विधान से पूजन के बाद नाव के माध्यम से यमुना मैया को चुनरी अर्पित की जाएगी।
महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा और पंकज शास्त्री के मार्गदर्शन में श्रद्धालु यमुना मैया का विधिवत पूजन-अर्चन करेंगे। इस दौरान दुग्ध की धार अर्पित करने के साथ यमुना घाट पर दीपदान भी किया जाएगा। आयोजन में शामिल होने वाले समिति के सदस्य पीले और लाल वस्त्रों में नजर आएंगे, जबकि महिलाएं चुनरी की साड़ी पहनकर चुनरी मनोरथ में सहभागिता करेंगी।
बैठक में राजीव अग्रवाल, बृजेश अग्रवाल, केके अग्रवाल, कैलाश चंद्र अग्रवाल, मनोज गोयल, शेखर गोयल, शंभू खंडेलवाल, विनीत सिंघल, पंडित मुकेश शर्मा, पंकज शास्त्री, मनोज गुप्ता, वीरेंद्र गोयल, जवाहरलाल सिंघल, अनूप गोयल, विष्णु अग्रवाल, संजय गर्ग, सतीश गौड़, अनंत उपाध्याय, अशोक कुमार गोयल, आदर्श नंदन गुप्त, लक्ष्मण शर्मा, विजय रोहतगी, हर्ष दत्त शर्मा, रमेश कुमार गुप्ता, गिर्राज बंसल आदि उपस्थित रहे।
- 25 साल से फरार चारा घोटाले का आरोपी सत्येंद्र कुमार लखनऊ से गिरफ्तार, नेपाल में छिपकर काट रहा था जिंदगी, रेलवे स्टेशन से CBI ने धर-दबोचा - October 24, 2026
- यूपी चुनाव 2027: पूर्व IAS दिव्या मित्तल की घोषणा, जननीति भारत पार्टी लड़ेगी 403 सीटों पर, बोलीं “लक्ष्य जनता का राज” - October 24, 2026
- कन्नौज में अखिलेश का पुतला फूंकने पहुंचे हिन्दुस्तान आजाद मंच के अध्यक्ष मुकेश पाल देशबंधु की पिटाई, सपा नेत्री ने जड़े थप्पड़, समर्थक भागे - October 24, 2026