आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में 26 अक्टूबर को भव्य धार्मिक आयोजन: नवीन संत भवन शिलान्यास और क्षमावाणी महोत्सव की तैयारियां जोरों पर

PRESS RELEASE

आगरा: आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में आगामी 26 अक्टूबर को शहर में कई भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इस दिन नवीन संत भवन शिलान्यास समारोह, वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव, त्यागवृत्ति सम्मान तथा क्षमावाणी महोत्सव जैसे पावन कार्यक्रम संपन्न होंगे। इन सभी आयोजनों की तैयारियों को अंतिम रूप देने और उनकी रूपरेखा तय करने के लिए शुक्रवार को श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी, आगरा में परिषद की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम से जुड़ी आमंत्रण पत्रिका का भी विमोचन किया गया।

​24 अक्टूबर को हुआ आचार्यश्री का भव्य मंगल प्रवेश

इन आयोजनों की मुख्य विशेषता आचार्यश्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का पावन सान्निध्य है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 24 अक्टूबर को शाम चार बजे आचार्यश्री ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। यह मंगल विहार श्री अग्रवाल दिगंबर जैन मंदिर, मोती कटरा से प्रारंभ हुआ, जहां से बैंड-बाजों की धुन और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ आचार्यश्री की अगवानी की। इसके बाद यह यात्रा श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी पहुंचकर संपन्न हुई। आचार्यश्री के सान्निध्य में ही 26 अक्टूबर के सभी प्रमुख धार्मिक आयोजन संपन्न हो रहे हैं।

​तैयारियों में जुटे परिषद के पदाधिकारी

बैठक के दौरान परिषद के पदाधिकारियों ने आयोजनों की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। ​उपाध्यक्ष राजेंद्र जैन एडवोकेट ने बताया कि 26 अक्टूबर के आयोजनों को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और इसमें जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की पूरी संभावना है।

​महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार ने जानकारी दी कि इस समारोह के माध्यम से धर्म प्रभावना के साथ-साथ समाज में धार्मिक संस्कारों और आपसी एकता की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करना मुख्य उद्देश्य है। ​अर्थमंत्री राकेश जैन पर्देवाले ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, संतों के स्वागत और कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए सभी पदाधिकारियों व समाज के प्रबुद्धजनों ने मिलकर जिम्मेदारियां संभाल ली हैं।

​बैठक में ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर जैन समाज के तमाम प्रतिष्ठित लोग और पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से मनीष जैन, लवली जैन, कुमार मंगलम जैन, सचिन जैन, प्रदीप रांवका, संदीप जैन और मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित अनेक गणमान्य लोग बैठक में शामिल हुए। आयोजन को लेकर ताजनगरी के जैन समाज में अभूतपूर्व उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Dr. Bhanu Pratap Singh