कुशीनगर में हाईवोल्टेज ड्रामा: शादी की मांग लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, नीचे फेंकी व्हाट्सएप चैटिंग की कॉपियां; प्रेमी पर लगाया धोखा देने का आरोप

स्थानीय समाचार

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार सुबह उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब शादी की जिद पर अड़ी एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। यह पूरा हाईवोल्टेज ड्रामा जटहा बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पड़रही चौराहे पर देखने को मिला। युवती को खतरनाक तरीके से टावर पर चढ़ा देख मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार मान-मनौव्वल करने में जुट गई।

​प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार का मामला

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग (Love Affair) से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। युवती का सीधा आरोप है कि पड़ोसी गांव के एक युवक के साथ उसका प्रेम संबंध चल रहा था। युवती के मुताबिक, युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के बाद अब उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया है। इसी बात से आहत और नाराज होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई और प्रेमी के साथ तत्काल शादी कराने की मांग पर अड़ गई।

​टावर से नीचे फेंकती रही चैटिंग की कॉपियां

​टावर पर बैठी युवती ने अपने गुस्से और दावों के समर्थन में मोबाइल पर हुई चैटिंग, मैसेज और बातचीत से जुड़े स्क्रीनशॉट व दस्तावेजों की कॉपियां नीचे फेंकनी शुरू कर दीं। हवा में उड़ते हुए उन कागजों को समेटकर मौके पर मौजूद लोग देखने लगे। इस दौरान नीचे खड़े पुलिसकर्मी और ग्रामीण लगातार चिल्ला-चिल्लाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे।

घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवती की ओर से लगाए गए तमाम आरोपों की सत्यता की पुष्टि गहन जांच-पड़ताल के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल इस मामले में पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh