आगरा। ताजनगरी के कमला नगर स्थित सद्भावना पार्क का प्रांगण इन दिनों बच्चों की किलकारियों, वैदिक कलाओं और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर नजर आया। अवसर था ‘संस्कार भारती जिला आगरा (ब्रज प्रांत)’ के तत्वावधान में आयोजित भव्य दीपावली आनंद मेले का। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित इस अनूठे आयोजन में जहां एक ओर दीपावली का पारंपरिक उल्लास देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय परंपराओं का बेहद सुंदर संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया गया।
मेले का शुभारंभ मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पवन बंसल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अटल बिहारी गोयल, संजीव दौनेरिया, विष्णु गर्ग, एसके मिश्रा, श्री भगवान अग्रवाल, एड अमित जैन, रामकुमार अग्रवाल एवं संरक्षक राजबहादुर सिंह राज उपस्थित रहे।
संस्था के अध्यक्ष राम अवतार यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्कार भारती कला और साहित्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों को समाज में प्रतिष्ठित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दीपावली आनंद मेला सामूहिक उत्सव और सांस्कृतिक सहभागिता का ऐसा मंच है, जहां हर आयु वर्ग को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
मुख्य अतिथि मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित यह आयोजन उनके समानता, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उनके विचार आज भी समाज को एकता और सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।
मेले में बच्चों के लिए रंग भरो, विविध वेश और रामायण आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 6 से 8 वर्ष के बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता दिखाई। 5 से 8 वर्ष तथा 8 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की विविध वेश प्रतियोगिता में आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। वहीं 10 से 16 वर्ष तक के बच्चों ने रामायण आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिलाओं के लिए आयोजित वंदनवार सज्जा और थाल-कलश सज्जा प्रतियोगिताओं में रचनात्मकता और कलात्मक कौशल की झलक देखने को मिली। वहीं सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए आयोजित शंख बजाओ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। डांडिया और गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके अलावा मेले में लकी ड्रॉ के माध्यम से 100 आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं 50 से अधिक स्टॉल्स पर दीपावली की सजावटी सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और अन्य उत्पादों की खरीदारी के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
व्यवस्थाओं में जुटी रही आयोजन समिति
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं प्रांतीय कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, प्रखर अवस्थी, साधना राठौर, सीमा अग्रवाल, करतार चंद्र शास्त्री, महामंत्री यतेंद्र सोलंकी, राजेंद्र गोयल, भूप सिंह इंदौलिया, हेमंत अग्रवाल, डॉ ममता बंसल ने संभालीं। मंचीय कार्यक्रम का संचालन राहुल शर्मा ने किया। अंत में संस्था के अध्यक्ष राम अवतार यादव ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
- डीईआई आगरा में कारीगरों को उद्यमी बनाने की बड़ी पहल: 5 उत्पादक कंपनियों के 20 शिल्पकारों को मिलेगा कारोबार और बाजार का प्रशिक्षण - November 3, 2026
- कंगना रनौत को बड़ी राहत: ‘गटर जेनरेशन’ टिप्पणी के खिलाफ दायर रिवीजन याचिका आगरा जिला जज ने खारिज की; वादी जाएंगे हाईकोर्ट - November 3, 2026
- आगरा में शिक्षक एमएलसी आकाश अग्रवाल का भव्य अभिनंदन: 51 किलो की माला, चांदी का मुकुट और तलवार भेंट कर किया स्वागत - November 3, 2026