आगरा। गुरु के प्रति सम्मान और अपने शिक्षण संस्थान के प्रति जिम्मेदारी का भाव जब सेवा का संकल्प बनता है, तो समाज में बदलाव की नई इबारत लिखी जाती है। इसी भावना के साथ महाराजा अग्रसेन एल्युमनी इनिशिएटिव फॉर चैरिटी की ओर से शनिवार को महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, धूलियागंज में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर संस्था के सेवा कार्यों का शुभारंभ किया गया। संस्था की ओर से इंटरमीडिएट के पांच और हाईस्कूल के दो विद्यार्थियों सहित कुल सात मेधावियों को छात्रवृत्ति देकर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।
संस्था के अध्यक्ष विजय कुमार बंसल एवं महामंत्री प्रदीप शर्मा ने बताया कि महाराजा अग्रसेन एल्युमनी इनिशिएटिव फॉर चैरिटी के गठन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है। संस्था के सभी सदस्य इसी विद्यालय के पूर्व छात्र हैं और अपने शिक्षण संस्थान से जुड़ाव को सेवा के माध्यम से आगे बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विद्यालय के अन्य पूर्व छात्रों को भी एकजुट कर एक सशक्त मंच तैयार किया जाए, जिससे महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के साथ-साथ अन्य ऐसे विद्यालयों के जीर्णोद्धार में भी सहयोग किया जा सके, जो समय के साथ जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद और निर्धन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म, फीस, पुस्तकें एवं अन्य शैक्षिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। शिक्षा के साथ स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए कार्य किया जाएगा।
पूर्व छात्र सम्मेलन में लिया था सेवा का संकल्प
संस्था के कोषाध्यक्ष अमोल अग्रवाल ने बताया कि विगत वर्ष विद्यालय में सभी पूर्व छात्रों द्वारा पूर्व छात्र सम्मेलन आयोजित किया गया था। उसी दौरान विद्यालय के विकास, जीर्णोद्धार और विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया था। उसी संकल्प को धरातल पर उतारते हुए संस्था ने अपने पहले सेवा कार्य के रूप में मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की है। भविष्य में भी सभी पूर्व छात्र एकजुट होकर विद्यालय और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर दीपक वार्ष्णेय, अभिनव भार्गव, मनीष मित्तल, शिव शंकर शर्मा, अनूप गोयल, सीए प्रमोद चौहान, विशाल बंसल, विकास बंसल, जुगल किशोर, मनीष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
- किसान अब संसद और विधानसभा में भी बुलंद करेंगे अपनी आवाज…ठा. भानु प्रताप सिंह का बड़ा ऐलान, पांच राज्यों के चुनाव में प्रत्याशी उतारेगा किसान क्रांति दल - November 15, 2026
- लखनऊ में दरिंदगी की हदें पार! कुरान पढ़ाने की आड़ में मौलाना ने मासूम से सालभर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार - November 15, 2026
- बलिया में छठ पर्व की खुशियां मातम में बदलीं: दो कारों में आगे निकलने की होड़ में पेड़ से टकराई कार, चार दोस्तों की मौत - November 15, 2026