नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के गंभीर मुद्दे पर सुनवाई करते हुए बेहद महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। अदालत ने सोमवार (23 नवंबर) को कहा कि इस बार सर्दियों के मौसम में लोग भाग्यशाली हैं कि उनके फेफड़ों को कुछ राहत मिली है, और इसका श्रेय काफी हद तक प्रकृति के अनुकूल मिजाज को भी जाता है। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने व्यू प्रदूषण नियंत्रण को लेकर पड़ोसी राज्यों से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।
अदालत ने दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के एडवोकेट जनरल को मामले की अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने प्रदूषण पर विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट मांगने के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में कमर्शियल (व्यावसायिक) वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए दीर्घकालिक और स्थायी योजना तैयार करने का सुझाव दिया। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अचानक बाध्यकारी आदेश या प्रतिबंध जारी करने के बजाय 5 साल की दीर्घकालिक रणनीति बनाकर काम करना अधिक व्यावहारिक होगा।
बॉर्डर पर सामान स्टोरेज व्यवस्था का सुझाव
‘लाइव लॉ’ की रिपोर्ट के अनुसार, सुनवाई के दौरान वकील ने अदालत को अवगत कराया कि कमर्शियल वाहनों से होने वाले उत्सर्जन और प्रदूषण में करीब 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इस पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने टिप्पणी की कि दैनिक आवश्यकताओं के सामान की निर्बाध आपूर्ति के कारण वाहनों और लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
सीजेआई ने सुझाव दिया कि क्या दिल्ली-एनसीआर के बॉर्डर्स पर ऐसी व्यवस्था विकसित की जा सकती है, जहां सामान को स्टोर किया जा सके? अदालत ने कहा कि इस साल न सही, लेकिन आगामी पांच वर्षों में ऐसी सुदृढ़ प्रणाली बने कि कमर्शियल वाहनों को दिल्ली की सीमा में प्रवेश ही न करना पड़े।
’अचानक बैन लगाने से होंगे गंभीर परिणाम’
मुख्य न्यायाधीश ने आगाह किया कि यदि इस समय गाड़ियों पर किसी भी प्रकार का अचानक बैन या सख्त प्रतिबंध लागू किया जाता है, तो इसके गंभीर सामाजिक व आर्थिक परिणाम हो सकते हैं। अदालत ने सुनवाई के दौरान कहा कि हमारी मंशा दिल्ली और कम से कम पूरे एनसीआर क्षेत्र में वाहनों के सुगम व नियंत्रित आवागमन को सुनिश्चित करने की है। इससे पूर्व जब वकील ने जानकारी दी कि गाड़ियों के पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) की चेकिंग या जारी करने पर रोक लगाई गई है, तो सीजेआई ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था को यथास्थिति में रहने दिया जाए।
- ‘इस बार सर्दियों में लोग भाग्यशाली हैं’… दिल्ली-एनसीआर प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी - November 24, 2026
- आगरा नगर निगम में ‘फर्जी कर्मचारी नेताओं’ पर कार्रवाई की मांग, यूनियन ने सौंपा 5 सूत्रीय मांग पत्र, शोषण के लगाए आरोप - November 23, 2026
- कुछ लोगों ने न वेद पढ़े हैं, न दर्शन…अरे तुम खुद ही को बचा लो, पाखंडी कहीं के, धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर बाबा रामदेव का तीखा प्रहार - November 23, 2026