आगरा के निबोहरा में खेत में मिट्टी डालने को लेकर खूनी संघर्ष: ताबड़तोड़ फायरिंग में गोली लगने से किशोरी की मौत, चार घायल

Crime

आगरा: ताजनगरी आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गढ़ी धर्मजीत में रविवार शाम एक बेहद वीभत्स और खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। खेत में मिट्टी डालने को लेकर उपजा मामूली विवाद कुछ ही पलों में इतना बढ़ गया कि दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस खूनी गोलीबारी में एक किशोरी समेत पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान गोली लगने से घायल किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य चार घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

​खेत में मिट्टी डालने को लेकर हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पाँच बजे गढ़ी धर्मजीत गांव में खेत में मिट्टी डालने के मुद्दे पर दो पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई थी। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, शुरुआत में लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की थी, लेकिन आरोप है कि भूपेंद्र और पुरुषोत्तम (पुत्रगण रमेश) ने दूसरे पक्ष के साथ विवाद बढ़ा दिया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट और ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार तक जा पहुँचा।

अंधाधुंध फायरिंग में पाँच को लगी गोलियां

​आरोप है कि विवाद के दौरान अचानक एक पक्ष की ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी गई। इस खूनी संघर्ष में हेमेंन्द्र सिंह, जितेंद्र, ब्रजेश, हरेन्द्र और एक किशोरी भावना गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। सरेआम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज से पूरे गाँव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।

​घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल किशोरी ने दम तोड़ दिया। किशोरी की अकाल मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अन्य चार घायलों का इलाज डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में चल रहा है।

पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश जारी

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसीपी समेत थाना निबोहरा की पुलिस फोर्स और पीएसी बल तुरंत मौके पर पहुँच गए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूरी घटना की जानकारी जुटाई।

गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के पहुँचने से पहले ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो चुके थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने घायलों के परिजनों की तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh