आगरा। जनपद के एत्मादद्दौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर एक महिला के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस की गश्त और कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। लगभग एक मिनट नौ सेकंड के इस वायरल वीडियो में एक युवक महिला को सड़क पर पटककर बेरहमी से पीटता हुआ साफ नजर आ रहा है। इसके साथ ही आरोपी युवक महिला को जान से मारने की धमकी भी देता हुआ दिखाई दे रहा है।
यह सनसनीखेज घटना रामबाग पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित सर्विस रोड की बताई जा रही है। इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस वक्त सड़क पर महिला के साथ मारपीट हो रही थी, उस दौरान वहां से लोगों की आवाजाही लगातार बनी हुई थी। कुछ लोग इस पूरी घटना को अपने मोबाइल के कैमरे में कैद करते रहे, जबकि कुछ संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर मारपीट रोकने का प्रयास भी किया। इसके बावजूद बेखौफ युवक लगातार महिला के साथ हिंसा करता रहा और गालियां देता रहा।
जमीन पर गिराकर की पिटाई, बुजुर्ग महिला के भी आए बाल हाथ
वायरल फुटेज में यह साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी युवक
पहले महिला से तीखी बहस करता है और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। युवक महिला को बलपूर्वक जमीन पर गिरा देता है और ताबड़तोड़ थप्पड़-घूंसे बरसाने लगता है। खुद को बचाने की जद्दोजहद में महिला हमलावर युवक के साथ मौजूद एक बुजुर्ग महिला के बाल भी पकड़ लेती है। वीडियो में युवक का आक्रामक और दबंग रवैया साफ देखा जा सकता है, जो आसपास के लोगों के टोकने के बावजूद महिला को जान से खत्म करने की धमकी दे रहा था।
चौकी के पास बार-बार हो रही घटनाएं, गश्त पर उठे सवाल
सोमवार को यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की कार्यशैली पर गहरा रोष जताते हुए कहा कि जिस जगह यह मारपीट हुई, वह रामबाग पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस चौकी के ठीक पास इस तरह खुलेआम दबंगई और मारपीट की घटनाएं होने लगेंगी, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस की नियमित गश्त न होने के कारण अपराधियों और दबंगों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
लोगों ने यह भी बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि कुछ दिन पहले भी इसी चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर एक युवक के साथ मारपीट की वारदात सामने आ चुकी है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से स्पष्ट है कि चौकी के आसपास सक्रिय निगरानी का अभाव है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस वायरल फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले युवक और अन्य शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। इस मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि वीडियो के आधार पर पीड़िता की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़िता की पहचान होते ही उसकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल इस घटना ने पुलिस के सामने अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ अपनी लचर गश्त व्यवस्था को सुधारने की दोहरी चुनौती खड़ी कर दी है।
- आगरा में 12-13 सितंबर को दो दिवसीय ‘गीता सेमिनार’ का आयोजन, आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन, युवाओं के लिए खास संदेश - September 9, 2026
- आगरा में 13 नवंबर से सजेगा श्री कृष्ण लीला महोत्सव: इस बार कमला नगर और बल्केश्वर क्षेत्र में गूंजेगी कंस की दुहाई - September 9, 2026
- आगरा के मनःकामेश्वर मंदिर में श्रीनाथ जी महाराज का छठी उत्सव संपन्न: 1 अक्टूबर को दिगनेर में होगा वानप्रस्थ आश्रम का लोकार्पण - September 9, 2026