बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता और मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। ईडी की यह कार्रवाई गौतम बुद्ध नगर पुलिस द्वारा उनके खिलाफ दर्ज सांपों के जहर सप्लाई मामले में की गयी है। जिसके बाद एल्विश और अन्य लोगों से पूछताछ की जा सकती है।
दरअसल, सांपों की तस्करी और पार्टियों में उनके जहर के इस्तेमाल के मामले में एल्विश को 17 मार्च को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद कोर्ट ने उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लुकसर जेल भेज दिया था। हालांकि, यूट्यूबर को इस मामले में 5 दिन बाद एक स्थानीय कोर्ट ने जमानत भी दे दी थी। वहीं, एल्विश के खिलाफ दर्ज केस के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है।
ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि एजेंसी की लखनऊ इकाई ने रैकेट में शामिल बड़ी मात्रा में धन को देखते हुए सांपों के जहर सप्लाई मामले में एल्विश यादव और अन्य के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। ईडी की टीम एल्विश और पुराने मामले से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर सकती है।
सूत्रों की माने तो ईडी की टीम यूट्यूबर के पास मौजूद महंगी कारों के साथ-साथ बड़े होटल रिसॉर्ट्स और फार्म हाउस के मालिकों से भी पूछताछ कर सकती है।
बता दें कि पिछले महीने 6 अप्रैल को गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने एल्विश यादव और 7 अन्य लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत 1,200 पेज की चार्ज शीट कोर्ट में दायर की थी। चार्जशीट में जानकारी दी गयी कि कैसे सांपों की तस्करी की जाती थी और पार्टियों में सांपों के जहर का इस्तेमाल कैसे किया जाता था।
-एजेंसी
- प्रयागराज पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी: केपी ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को करेंगे संबोधित, स्वराज भवन में हुआ स्वागत - August 8, 2026
- रामु जाइ बन राजु तुम्हारा…कैकेयी के वरदान और श्रीराम के वनवास प्रसंग से भावुक हुआ कथा पांडाल, आंखों से बही अश्रुधारा - August 8, 2026
- मेरठ में सीएम योगी के दौरे से पहले हड़कंप: कार्यक्रम स्थल के पास आसमान में दिखा संदिग्ध ड्रोन, एटीएस और पुलिस जांच में जुटी - August 8, 2026