‘सर, गलती हो गई, माफ कर दो’… मेरठ होटल कांड का फरार आरोपी सलमान मुठभेड़ में गिरफ्तार; घायल होने के बाद गिड़गिड़ाता आया नजर

Crime

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के चर्चित होटल कांड में फरार चल रहे आरोपी सलमान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी सलमान चोटिल हो गया। उस पर होटल में युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म का प्रयास करने और जबरन शादी का दबाव बनाने का गंभीर आरोप है। पीड़िता उसके चंगुल से निकलकर भागी थी, जिसके बाद आरोपी ने व्यस्त सड़क पर उसकी पिटाई की और उसे उठा ले गया था। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

बुधवार को मुठभेड़ के बाद सामने आए एक वीडियो में आरोपी रोते और गिड़गिड़ाते हुए यह कहते नजर आया कि “सर, गलती हो गई, माफ कर दो, अब नहीं होगी गलती।” वीडियो में पुलिसकर्मी उसे सहारा देकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रेस नोट भी जारी किया गया है।

नारहेड़ा अंडरपास के पास हुई मुठभेड़, पुल से गिरने पर घायल हुआ आरोपी

​पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, मेरठ की लोहिया नगर पुलिस ने 25 नवंबर 2026 को मुठभेड़ के बाद थाना सदर बाजार में दर्ज दुष्कर्म के प्रयास तथा एससी/एसटी एक्ट के मामले में वांछित आरोपी सलमान (उम्र 29 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ग्राम नारहेड़ा के समीप निर्माणाधीन अंडरपास के पास घेराबंदी किए जाने पर सलमान ने पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जब वह चारों तरफ से घिर गया, तो पुल पर चढ़कर भागने का प्रयास करते हुए नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोटें आईं।

​तमंचा व कारतूस बरामद, जिला अस्पताल में उपचार जारी

​घायल होने के बाद पुलिस ने आरोपी सलमान को काबू में किया और उपचार के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय भेजा। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

​मेरठ और गाजियाबाद में दर्ज हैं कई मुकदमे

​पुलिस ने बताया कि आरोपी सलमान मेरठ के रोहटा क्षेत्र का निवासी है और उसके विरुद्ध मेरठ तथा गाजियाबाद के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य संकलित कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh