आगरा। महिलाओं के हुनर को मंच देने और उन्हें स्वावलंबन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से मन की उड़ान संस्था द्वारा 14 अगस्त, शुक्रवार को हरियाली तीज उत्सव एवं दसवीं हस्तकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे से होटल लेमन ट्री में होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर आमंत्रण पत्र का विमोचन समारोह होटल लेमन ट्री में किया गया।
संस्था की अध्यक्ष एड चंचल गुप्ता ने बताया कि हरियाली तीज उत्सव को इस बार महिला स्वावलंबन से जोड़ा गया है। कार्यक्रम में जहां महिलाएं पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ तीज पर्व मनाएंगी, वहीं बस्तियों में रहने वाली बालिकाओं और महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मेहंदी, गेम्स और मनोरंजक गतिविधियों के साथ हरियाली तीज का उत्सव मनाया जाएगा। सावन के इस पारंपरिक पर्व की उमंग को जीवंत बनाने के लिए महिलाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीज के रंग, श्रृंगार और उत्सव के साथ महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी प्रतिभा साझा करने का अवसर मिलेगा।
चंचल गुप्ता ने बताया कि हस्तकला प्रदर्शनी में लगभग 40 स्टॉल्स लगाए जाएंगे। इन स्टॉल्स पर बस्तियों में रहने वाली बालिकाओं एवं महिलाओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रदर्शनी के माध्यम से उनके हुनर को पहचान दिलाने के साथ-साथ उन्हें अपने उत्पादों के लिए बाजार और संभावित ग्राहकों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसी महिला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उसके हुनर को अवसर और उचित मंच देना जरूरी है। मन की उड़ान संस्था लगातार ऐसे प्रयासों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की प्रतिभा को सामने लाने का कार्य कर रही है। यह प्रदर्शनी केवल खरीदारी का माध्यम नहीं, बल्कि महिला सशक्तीकरण और स्वावलंबन का संदेश देने वाली पहल है।
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह का शुभारंभ संस्था के संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने वाले ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके कौशल को मंच प्रदान करना महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर संस्था की सचिव कविता रजवानी, कोषाध्यक्ष नीरा थापर, उपाध्यक्ष अंकिता जैन, सहसचिव संगीता गुप्ता, सोशल कोऑर्डिनेटर चारू शर्मा सहित मिनी गुप्ता, पारुल सिंह, सुबीना शर्मा, रीना पवार, अलका गुप्ता, सोहित, दीप्ति चौहान, सोनी सिंह, अंजली यादव, प्रीति गुप्ता, वंदना यादव, नीलू पाराशर, अनुपम शर्मा, सिम्मी गुप्ता, सुनीता खंडेलवाल, ज्योति, आशा, शताक्षी आदि उपस्थित रहे।
-up18 News
- हरियाली तीज पर महिलाओं ने सजाई मेहंदी की खूबसूरत रंगत: शास्त्रीपुरम की बंसुली विला सोसाइटी में दिखा पारंपरिक उल्लास - August 13, 2026
- तीज के रंग में सजेगा ‘मन की उड़ान’ का महिला स्वावलंबन उत्सव: होटल लेमन ट्री में 14 अगस्त को सजेगी हस्तकला प्रदर्शनी - August 13, 2026
- तीज के रंग में सजेगा ‘मन की उड़ान’ का महिला स्वावलंबन उत्सव: होटल लेमन ट्री में 14 अगस्त को सजेगी हस्तकला प्रदर्शनी - August 13, 2026