PAC इंस्पेक्टर हत्याकांड में पत्नी का बड़ा खुलासा, कहा- कॉल गर्ल्‍स को घर लेकर आते थे पति सतीश कुमार

PAC इंस्पेक्टर हत्याकांड में पत्नी का बड़ा खुलासा, कहा- कॉल गर्ल्‍स को घर लेकर आते थे पति सतीश कुमार

REGIONAL

 

लखनऊ के कृष्णानगर में दीपावली के त्योहार के मौके पर रविवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने PAC के क्वॉर्टर मास्टर (इंस्पेक्टर) सतीश सिंह की उनके घर के बाहर ही पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी और भाग निकले। उनकी पत्नी और बेटी ने शोर मचाया, लेकिन आतिशबाजी के बीच उनकी आवाज पड़ोसियों तक नहीं पहुंच पाई। पुलिस क्वॉर्टर मास्टर को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सर्विलांस टीम, क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की पांच टीमें तीसरे दिन भी हत्यारों को सुराग नहीं लगा पाईं तो हत्यारों की तलाश में एसटीएफ को भी लगाया गया है। कृष्णानगर कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, पत्नी ने पति की हत्या में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

पत्नी ने लगाया अवैध संबंधों का आरोप

भावना ने सतीश पर कई महिलाओं से अवैध संबंधों का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि जनवरी में सतीश सिंगार नगर स्थित अपने मकान में रह रहे किराएदार की पत्नी को लेकर मानसनगर वाले घर पर आए थे। उनकी बेटी ने उसे देख लिया तो उन्होंने भगा दिया था। उसके पीछे सतीश भी घर की दीवार फांदकर भाग गए थे। इसको लेकर काफी विवाद हुआ था। भावना ने सतीश पर कई प्रोफेशनल महिलाओं से भी संबंध रखने का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले में एक युवती और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पत्नी भावना सिंह ने बताया कि पति सतीश कुमार सिंह घर पर कॉल गर्ल्‍स को लेकर आते थे, जिसकी जानकारी पूरे परिवार को थी लेकिन जब वह सतीश के गंदे कामों का विरोध करती, तब उन्हें डरा धमकाकर चुप करा दिया जाता था। पत्नी भावना ने बताया कि इसी साल जनवरी में सतीश एक लड़की को घर लाए। जब उन्होंने लड़की के साथ सतीश को पकड़ा तो वह लड़की घर से भाग गई। यही नहीं, पत्नी ने बताया कि उनके आशिक मिजाज के कारण आए दिन लड़ाई-झगड़े होते थे। ससुर का सिंगार नगर इलाके में एक मकान है, जिसमें कई लड़कियां और किरायेदार रहते हैं। सतीश उन लड़कियों को मानस नगर वाले घर पर लेकर आते थे। पत्नी भावना ने किराये पर रहने वाली लड़कियों पर हत्या की आशंका जताई है।

बहनोई के घर दीपावली मनाने गए थे

कृष्णानगर के मानस नगर स्थित मकान संख्या 886 में सतीश कुमार सिंह उर्फ बबलू पत्नी भावना और बेटी अनिका उर्फ पाखी (10) के साथ रहते थे। मूलरूप से रायबरेली निवासी सतीश प्रयागराज स्थित पीएसी की चौथी बटालियन में क्वॉर्टर मास्टर थे। दीपावली में वह घर आए थे। उसी मकान के दूसरे हिस्से में उनके भाई अजीत भी परिवारीजन के साथ रहते हैं। वह एक निजी विद्यालय में अध्यापक हैं। उनके बड़े भाई सुनील की करीब 12 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। पिता बाबूलाल बैंक के सेवानिवृत्त ऑडिटर हैं और अजीत के साथ ही रहते हैं। अजीत ने बताया कि रविवार रात को वह और सतीश परिवारीजन के साथ राजाजीपुरम में रहने वाली बहनोई की बहन के घर दीपावली भोज पर गए थे। उनके साथ उनके मित्र अभय श्रीवास्तव भी घरवालों के साथ आए थे।

पत्नी के सिर में दर्द होने पर निकले थे घर के लिए

दीपावली वाली रात भावना ने सिर में दर्द होने की बात कहकर घर चलने के लिए कहा तो सतीश उन्हें और बेटी पाखी को साथ लेकर कार से वहां से निकल गए।

कृष्णानगर में शैशव मंदिर के पास पहुंचकर उन्होंने फोन कर बताया था कि वह मंदिर के पास पहुंच गए हैं, जल्द ही घर पहुंचने वाले हैं। रात करीब 2:15 बजे पाखी ने अजीत की पत्नी को फोन कर बताया कि पापा को किसी ने गोली मार दी है। अजीत परिवारीजन के साथ पहुंचे तो गेट भीतर से बंद था। भावना और पाखी घर में थीं और घर के बाहर जमीन पर सतीश खून से लथपथ पड़े थे।

अजीत के पहुंचने पर भावना भी बाहर आईं। तब पुलिस और ऐंबुलेंस भी आ गई। भावना ने पुलिस और ऐंबुलेंस को फोन कर दिया था। पुलिस और परिवारीजन सतीश को लेकर लोकबंधु हॉस्पिटल गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीएसी के क्वॉर्टर मास्टर की हत्या की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

डीसीपी साउथ विनीत जायसवाल समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू किया। डीसीपी ने बताया कि सर्विलांस सेल व क्राइम ब्रांच के अलावा पुलिस की पांच टीमों को हत्यारों की तलाश में लगाया गया है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि एसटीएफ ने भी मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

गोली चलने की आवाज आई, तब खुली आंख

सतीश की पत्नी भावना ने बताया कि उनके सिर में दर्द हो रहा था, इसीलिए वह कार में बेटी को गोद में लेकर बैठी थीं। मां-बेटी दोनों की आंख लग गई थी। सतीश कार से उतरकर गेट खोलने गए थे, तभी गोली चलने की आवाज आई तो उनकी आंख खुली। उन्होंने एक मोटे और काले रंग की हुडी पहने युवक को भागते हुए देखा था। वह कार से नीचे आईं और शोर मचाया। किसी ने आवाज नहीं सुनी, तब उन्होंने बेटी से उसकी चाची को फोन करवाया था। भावना ने यह भी बताया कि राजाजीपुरम से मानसनगर तक आते समय सतीश ने पान मसाला खरीदने के लिए दो जगह रुके थे।

.32 बोर के असलहे से किए छह फायर

बदमाशों ने सतीश पर .32 बोर के असलहे से छह गोलियां दागी थीं। एक गोली मिस हो गई थी। दो गोलियां उनकी गर्दन पर बाईं ओर, दो गोलियां बाएं हाथ पर और एक गोली पीठ पर लगी थी। पुलिस को घटनास्थल से छह खोखे मिले हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला, जिन जगहों पर कार रोके जाने की बात सामने आई, वहां भी छानबीन की, लेकिन गोली मारने वाले बदमाशों के बारे में पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। हमलावरों की संख्या एक से अधिक आंकी जा रही है।

 

Dr. Bhanu Pratap Singh