लखनऊ। यूपी विधानमंडल के सत्र के पहले दिन जहरीले कफ सिरप कांड को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई। सदन की कार्यवाही से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा, जिसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी शायराना अंदाज में पलटवार किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कफ सिरप कांड में अब तक जिन अभियुक्तों की गिरफ्तारियां हुई हैं, उनके समाजवादी पार्टी से संबंध पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी से छिपा नहीं है कि प्रदेश के लगभग हर माफिया के तार पूर्व में समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं। सीएम के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई के दौरान पकड़े गए कुछ अभियुक्तों के सपा से संबंध सामने आए हैं। उन्होंने सपा को अपनी कार्यप्रणाली के लिए पहले से ही बदनाम और कुख्यात बताते हुए कहा कि इस मामले में भी पार्टी की संलिप्तता उजागर होगी।
सीएम योगी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शायराना अंदाज में तंज कसा। उन्होंने लिखा, “जब ख़ुद फंस जाओ, तो दूसरे पर इल्ज़ाम लगाओ, ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।”
मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि पूरे मामले में अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा, लेकिन सपा प्रमुख द्वारा दिए जा रहे बयानों की स्थिति वही है, जैसा कि इस पंक्ति में कहा गया है— “यही कसूर मैं बार-बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी, आईना साफ करता रहा।”
सीएम ने कहा कि जिन माफियाओं के साथ तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनसे जुड़े अवैध लेनदेन की परतें भी जांच में खुलेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026
- आगरा में आध्यात्मिक और राष्ट्र-कल्याण का महापर्व: 251 कुण्डीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ की तैयारियां अंतिम चरण में - October 20, 2026