नई दिल्ली/पटना। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही नितिन नबीन की राजनीतिक भूमिका अब केवल बिहार तक सीमित न रहकर राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो गई है। इसे भाजपा नेतृत्व के उन पर बढ़ते भरोसे और संगठनात्मक क्षमता की बड़ी स्वीकारोक्ति के रूप में देखा जा रहा है।
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुके नितिन नबीन बिहार की राजनीति में एक मजबूत और अनुभवी चेहरा माने जाते हैं। विधायक के साथ-साथ मंत्री के रूप में भी उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। संगठन और सरकार—दोनों स्तरों पर उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने की खुलकर प्रशंसा
नितिन नबीन की नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बधाई देते हुए उनकी कार्यशैली और व्यक्तित्व की सराहना की। प्रधानमंत्री ने लिखा कि नितिन नबीन ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा, मेहनती और संगठनात्मक अनुभव से भरपूर नेता हैं। बिहार में विधायक और मंत्री के तौर पर उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए वे व्यापक रूप से जाने जाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि नितिन नबीन की ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
बिहार से राष्ट्रीय संगठन तक मजबूत संदेश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाना भाजपा की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसमें संगठन में अनुभवी और जमीनी नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है। साथ ही यह फैसला बिहार जैसे महत्वपूर्ण राज्य में पार्टी की पकड़ को और सशक्त करने का संकेत भी देता है।
नितिन नबीन की इस ताजपोशी के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
- सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को प्रशासन ने किया ध्वस्त: अवैध निर्माण हटाने के बाद बढ़ा तनाव, सपा सांसद इकरा हसन हाउस अरेस्ट - September 5, 2026
- ताजनगरी में सजेगा इलेक्ट्रिक उद्योग का भव्य मंच: 13 सितंबर को फतेहाबाद रोड स्थित हैवन्स गार्डन में होगा पहले विशाल विद्युत व्यापार मेले का आयोजन - September 5, 2026
- अखिलेश यादव का बीजेपी सरकार पर तीखा हमला: कहा- जो पार्टी मंदिर के दान-मान को लूट चुकी है, वह आस्था के प्रतीकों का मोल क्या जाने - September 5, 2026