लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में शिवा शर्मा मौत मामले और मॉडल श्रद्धा दुबे की फरारी को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर योगी सरकार और पुलिस-प्रशासन पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि यह कोई सामान्य मामला नहीं है और आने वाले समय में यह प्रकरण सरकार के लिए भारी साबित हो सकता है।
”यह कोई सामान्य मामला नहीं, सरकार को ले डूबेगा”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने श्रद्धा दुबे की लंबी फरारी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह मामला कोई सामान्य मामला नहीं है। यह वह मामला है जो सरकार को ले डूबेगा।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले श्रद्धा की लोकेशन नेपाल बताई गई, फिर वह अचानक लखनऊ के आसपास प्रकट होकर मीडिया को इंटरव्यू देती है और दोबारा अदृश्य हो जाती है।
अखिलेश ने अतीत के मामलों का हवाला देते हुए गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर का जिक्र किया और योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “एक बार गाड़ी नहीं पलटी थी, सरकार पलटने से बचाई गई थी। यह प्रकरण भी उसी कड़ी का हिस्सा लग रहा है।”
महंगाई, बेरोजगारी और मिलावट पर सरकार को घेरा
प्रेस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की बदहाली के मुद्दों पर भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज किसानों की आय में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि बेरोजगारी चरम पर है। बाजार में मांग कम होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता की जेब में सामान खरीदने के लिए पैसा नहीं बचा है, जिसके कारण बाजारों से रौनक गायब है।
मिलावट के बढ़ते मामलों पर सवाल उठाते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि आज मिलावटखोरों को सरकार का अप्रत्यक्ष संरक्षण मिल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने फ्रांस समेत अन्य देशों में चल रहे आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में भी लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और वोट की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
वोटर लिस्ट में धांधली और ‘वोट चोरी’ का गंभीर आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि बूथ स्तर पर सुनियोजित तरीके से गड़बड़ियां की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि एक ही व्यक्ति के नाम पर कई-कई वोट बनाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग को घेरते हुए उन्होंने कहा कि जब-जब विपक्ष आयोग से सवाल पूछता है, तब-तब बीजेपी उसे बचाने के लिए मैदान में आ जाती है। उन्होंने आयोग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भी नाराजगी जताई।
संविधान दिवस पर ‘प्रण पत्र’ जारी करेगी सपा
संविधान को समाजवादी पार्टी के लिए अपनी ‘प्राण’ बताते हुए अखिलेश यादव ने घोषणा की कि सपा संविधान दिवस के अवसर पर अपना विशेष ‘प्रण पत्र’ जारी करेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हुए कहा, “सबसे हमारा निवेदन है कि आगामी 24 तारीख को अपने-अपने बूथ पर डटकर रहें और नजर रखें, ताकि वोटर लिस्ट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। अगर एक व्यक्ति के 14 फर्जी वोट भी बने हैं, तो वह तो अपना एक ही वोट डालेगा, बाकी के बचे वोट बीजेपी के लोग डलवा लेंगे।”
- श्रद्धा दुबे मामले में अखिलेश यादव का बड़ा बयान: बोले— “यह कोई सामान्य मामला नहीं है, यह सरकार को ले डूबेगा” - October 20, 2026
- श्रद्धा दुबे मामले में अखिलेश यादव का बड़ा बयान: बोले— “यह कोई सामान्य मामला नहीं है, यह सरकार को ले डूबेगा” - October 20, 2026
- गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी का अनूठा रूप: गोरक्षपीठाधीश्वर की परंपरागत वेशभूषा में दो घंटे से अधिक समय तक किया विशेष पूजन - October 20, 2026